कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट
कटिहार नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों कचरा उठाव व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. शहर के विभिन्न वार्डों में बनाए गए अस्थायी डम्पिंग स्थलों से समय पर कचरा नहीं उठाए जाने के कारण डस्टबिन भर चुके हैं और सड़क किनारे गंदगी का अंबार लग गया है. सबसे अधिक परेशानी नगर निगम कार्यालय के आसपास और मनिहारी टर्मिनल जाने वाले मार्ग पर देखी जा रही है.falters-in-katihar-piles-of-dirt-accumulate-around-the-municipal-officelters-in-katihar-piles-of-dirt-accumulate-around-the-municipal-
डस्टबिन भर जाने के बाद कचरा सड़क पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं को नाक पर रूमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है.
बाहरी वार्डों में और भी खराब स्थिति
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बाहरी वार्डों में सड़क किनारे बनाए गए अस्थायी डम्पिंग स्थलों से कई-कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जाता. पहले जहां हर दूसरे दिन ट्रैक्टर पहुंचता था, वहीं अब सप्ताह बीतने के बाद भी कचरा नहीं उठाया जा रहा है. इससे आसपास के इलाकों में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है.
इन स्थानों पर सबसे अधिक परेशानी
समय पर कचरा नहीं उठने से अंबेडकर चौक स्थित पंचदेव मंदिर के पास, बीएमपी-7 कार्यालय के समीप, बीएमपी अस्पताल के सामने, शमशेरगंज मार्ग और मेडिकल कॉलेज जाने वाली सड़क सहित कई स्थानों पर कचरे का ढेर लगा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.
नगर आयुक्त ने दिए सफाई के निर्देश
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने बताया कि अस्थायी डम्पिंग स्थलों पर कचरा जमा होने की शिकायत मिली है. डोर-टू-डोर कचरा संग्रह के बाद उसे अस्थायी डम्पिंग स्थलों पर रखा जाता है, जहां से अगले दिन ट्रैक्टर के माध्यम से उठाव कराया जाना है. उन्होंने बताया कि सभी सुपरवाइजरों को कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी.
प्रमुख बातें
- अस्थायी डम्पिंग स्थलों से समय पर कचरा नहीं उठने से परेशानी.
- नगर निगम कार्यालय के आसपास भी गंदगी का अंबार.
- मनिहारी टर्मिनल जाने वाले मार्ग पर बदबू से राहगीर परेशान.
- कई वार्डों में सप्ताहभर से कचरा उठाव नहीं होने का आरोप.
- नगर आयुक्त ने सुपरवाइजरों को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया.
और पढ़ें : कटिहार एसपी ने रौतारा थाना का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
