कटिहार. जिले में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रविवार को वरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों के बीच पॉलीथिन शीट और राहत सामग्री का वितरण किया. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और राहत व बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए.
कुरसेला में तटबंध का निरीक्षण, प्रभावितों के बीच बांटी राहत सामग्री
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया पंचायत स्थित मालगोदाम के पास बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया. इसके बाद उन्होंने बल्थी महेशपुर तटबंध का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. कुरसेला प्रखंड के विभिन्न प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान डीएम ने कई जगहों पर बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री का भी वितरण किया. उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली.
बरारी के दक्षिणी भंडरताल और मोहना चांदपुर का लिया जायजा
कुरसेला के बाद डीएम ने बरारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया. उन्होंने दक्षिणी भंडरताल और मोहना चांदपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
प्रभावित इलाकों में शुरू होंगे सामुदायिक किचन
डीएम ने बताया कि कुरसेला प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के लिए सामुदायिक किचन शुरू करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि शाम तक सामुदायिक किचन शुरू हो जाएगा. मोहना चांदपुर में भी सामुदायिक किचन शुरू करने का निर्देश दिया गया है और जल्द ही यहां भी इसकी शुरुआत होगी. डीएम ने कहा कि जिन घरों में पानी प्रवेश कर गया है और लोगों को अपने घर में खाना बनाने में परेशानी हो रही है, उनके लिए भी सामुदायिक किचन की व्यवस्था की जाएगी.
मेडिकल कैंप और पशु चारे की भी होगी व्यवस्था
मोहना चांदपुर समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. बाढ़ प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है. डीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ के कारण प्रभावित लोगों और उनके पशुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वालों को दी जा रही पॉलीथिन शीट
डीएम ने बताया कि बाढ़ के कारण जो लोग बांध या अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण लिये हुए हैं, उनके लिए पॉलीथिन शीट की व्यवस्था की गयी है. जिन लोगों के घर चारों ओर से पानी से घिर गये हैं, उनके लिए भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों का मुकम्मल ख्याल रखा जाए और राहत कार्य में किसी प्रकार की कमी नहीं हो.
प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावों का परिचालन
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही और राहत कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में नावों का परिचालन किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है. डीएम ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा.
कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विनोद कुमार, अपर समाहर्ता आपदा फिरोज अख्तर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.