Katihar Flood Alert: कटिहार जिले में मॉनसून की सक्रियता के कारण नदियों के जलस्तर में फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है. सोमवार को महानंदा नदी के साथ-साथ गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई. बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अनुसार यदि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है.
गंगा और कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल की रिपोर्ट के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर रामायणपुर में सोमवार सुबह 23.15 मीटर था, जो शाम तक बढ़कर 23.19 मीटर हो गया. काढ़ागोला घाट पर भी जलस्तर 25.51 मीटर से बढ़कर 25.56 मीटर दर्ज किया गया.वहीं कोसी नदी के कुरसेला रेलवे ब्रिज पर सुबह 26.38 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड किया गया, जो शाम तक बढ़कर 26.48 मीटर पहुंच गया.
महानंदा नदी में फिर दर्ज हुई बढ़ोतरी
महानंदा नदी के अधिकांश गेज स्थलों पर जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई. झौआ में जलस्तर 29.79 मीटर से बढ़कर 29.86 मीटर, बहरखाल में 29.32 मीटर से 29.39 मीटर तथा कुर्सेला में 29.93 मीटर से बढ़कर 29.99 मीटर हो गया.दुर्गापुर में जलस्तर 26.66 मीटर से बढ़कर 26.73 मीटर दर्ज किया गया. गोविंदपुर में जलस्तर स्थिर रहा, जबकि आजमनगर में 27.80 मीटर से बढ़कर 27.86 मीटर और धबौल में 27.04 मीटर से बढ़कर 27.10 मीटर दर्ज किया गया.
बरंडी नदी का जलस्तर स्थिर
बरंडी नदी के एनएच-31 स्थित डूमर गेज पर जलस्तर में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ. सोमवार सुबह और शाम दोनों समय यहां जलस्तर 27.90 मीटर दर्ज किया गया.
प्रशासन की नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
Katihar Flood Alert: लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है.
और पढ़ें : कटिहार के 2,593 स्कूलों में लगेंगे 1.81 लाख पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान शुरू
