Katihar Excise Raid: बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए कटिहार में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया.
इस कार्रवाई में 69.855 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जबकि एक महिला समेत सात शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया. फरार एक तस्कर की तलाश भी जारी है.
सात थाना क्षेत्रों में एक साथ चला अभियान
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीमों ने कोढ़ा, नगर, मनिहारी, बलिया-बेलोन, बलरामपुर, अमदाबाद और सहायक थाना क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई की. अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और वाहन जांच के दौरान देशी और विदेशी शराब की खेप बरामद की गई.
अलग-अलग जगहों से सात तस्कर गिरफ्तार
कोढ़ा थाना क्षेत्र के नक्कीपुर गांव से मिलु उरांव को 5 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. नगर थाना क्षेत्र के अमला टोला में जांच के दौरान एक स्कूटी से 6 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने स्कूटी जब्त कर ली है.
मनिहारी थाना क्षेत्र के कुड़िया घाट पर वाहन जांच के दौरान विजय सहनी को 16 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं बलिया-बेलोन थाना क्षेत्र के जादेपुर गांव से राजीव राय को 13.980 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया.
बलरामपुर थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में सौगन परिहार के पास से 6.500 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई. अमदाबाद थाना क्षेत्र के डकरा घाट से रेनू देवी को 4.125 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. वह इस अभियान में पकड़ी गई एकमात्र महिला तस्कर हैं.
Katihar Excise Raid: ई-रिक्शा से मिली सबसे बड़ी खेप
सहायक थाना क्षेत्र के ललियाही में उत्पाद विभाग की टीम ने एक संदिग्ध ई-रिक्शा की तलाशी ली. जांच के दौरान वाहन से 18.250 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. इस मामले में रितेश कुमार और विकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया.
उत्पाद अधीक्षक ने दी सख्त चेतावनी
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 69.855 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई है. सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
