कटिहार से नीरज की रिपोर्ट
कटिहार जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और वाहन जांच के दौरान 11 शराब तस्करों एवं विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई के दौरान कुल 155.500 लीटर देसी शराब, 2.250 लीटर विदेशी शराब और चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं.
डीएम के निर्देश पर चला विशेष अभियान
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया. उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान का उद्देश्य जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करना था.
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हुई गिरफ्तारी
अभियान के दौरान बरारी थाना क्षेत्र के उचला चौक से वैजनाथ मिस्त्री को 16 लीटर देसी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं बालाघाट में नीरज साहनी को 10 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा गया.
नगर थाना क्षेत्र के दिग्घी से सुशील झा को 2.500 लीटर देसी शराब, चमर टोली (इस्लामिया स्कूल) से अमित दास को 45 लीटर देसी शराब तथा तीन गछिया से गोरी देवी को 10 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
इसके अलावा सेमापुर थाना क्षेत्र के शंकरगंज से रोहित यादव को 32 लीटर चुलाई शराब, कोढ़ा थाना के चेथारिया से अनिल मलिक को दो लीटर चुलाई शराब, बलरामपुर थाना के उफरैल से विष्णु कुमार को बाइक पर तीन बोतल विदेशी शराब, मनसाही थाना के गड़ीघाट से अरुण साह को 30 लीटर देसी शराब, कदवा थाना के बौरा से बाबूलाल मरांडी को पांच लीटर चुलाई शराब तथा रौतारा थाना के बाहरखाल से तालकु देवी को पांच लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
सभी आरोपितों पर दर्ज हुआ मामला
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है. सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
