– ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें कटिहार ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल का असर कटिहार जिले में भी देखने को मिलेगा. संगठन द्वारा ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में यह हड़ताल की जा रही है. इस दौरान जिले की मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी. जबकि आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोर ही खुले रहेंगे. संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन दवा कंपनियों द्वारा भारी छूट देकर दवा बिक्री की जा रही है. जिससे छोटे दवा व्यवसायियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. साथ ही ऑनलाइन माध्यम से नकली और बिना जांच-पड़ताल की दवाओं की बिक्री होने की आशंका भी बनी रहती है. इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन और हड़ताल का निर्णय लिया है. हालांकि इस हड़ताल का असर सदर अस्पताल परिसर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर नहीं पड़ेगा. जन औषधि केंद्र अन्य दिनों की तरह 20 मई को भी खुला रहेगा. मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई जायेगी. केंद्र के संचालक सच्चितानंद महतो ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र को बंद नहीं किया जायेगा. मरीजों की सुविधा और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता को देखते हुए केंद्र का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि संगठन के निर्णय के साथ वे भी खड़े हैं. ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी रोक लगनी चाहिए. उनका कहना था कि दवा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में गुणवत्ता और विश्वसनीयता बेहद जरूरी है. ऐसे में सरकार को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है. ताकि आमलोगों को सुरक्षित और प्रमाणित दवाएं ही मिल सकें.
हड़ताल के दिन भी खुला रहेगा जन औषधि केंद्र
हड़ताल के दिन भी खुला रहेगा जन औषधि केंद्र
