सरकारी कार्यो के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश

सरकारी कार्यो के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश

– डीएम ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर जारी किया निर्देश कटिहार समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान रजिस्ट्री, सोमवार एवं शुक्रवार को होने वाला जनता दरबार का रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करना, सभी कार्यालय अंतर्गत एमजेसी से संबंधित मामले, कारगिल चौक के नजदीक पार्क का जीर्णोद्धार एवं जनगणना से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की. इस बैठक में प्रधानमंत्री किसान रजिस्ट्री के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार की कार्यवाही रिपोर्ट को सभी कार्यालयों द्वारा नियमित रूप से वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित करने को कहा गया. सभी कार्यालयों के अंतर्गत लंबित एमजेसी से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया. समाहरणालय के नजदीक कारगिल चौक के निकट स्थित पार्क के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा की गयी. बैठक में आगामी जनगणना कार्यों को लेकर तैयारियों एवं आवश्यक संसाधनों पर भी चर्चा हुई. डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा प्रत्येक प्रखंड में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान, पानी की टंकी, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र आदि के लिए आवंटित भूमि की स्थिति की सख्त समीक्षा की. उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा एनओसी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करने का प्रयास करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि भूमि संबंधी अड़चनों को तत्काल दूर किया जाय. ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ हो सकें. साथ ही अतिक्रमण वाले भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त कराना सुनिश्चित करेंगे. बैठक में आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर बैठक में शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम, श्रम संसाधन, पथ निर्माण प्रमंडल, ग्रामीण पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों तथा योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के निर्देश दिये. बैठक में डीएम के अतिरिक्त अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त के साथ-साथ जिला स्तरीय समन्वय समिति के सभी पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी जुड़े थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >