आग से बचाव की सीख लेकर घर लौटे बारसोई के सैकड़ों विद्यार्थी

आग से बचाव की सीख लेकर घर लौटे बारसोई के सैकड़ों विद्यार्थी

– अग्नि सुरक्षा सप्ताह में प्रभात फेरी व मॉक ड्रिल ने भरा उत्साह बारसोई आग की लपटों से घबराना नहीं, बल्कि उनसे लड़ना सीखो. यही संदेश लेकर बुधवार को अग्निशमन बारसोई के जवान सड़कों पर उतरे व विद्यालय के आंगन तक पहुंचे.अग्नि समन सेवा सप्ताह के दूसरे दिन बारसोई हाई स्कूल व मध्य विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने अग्निशमन कर्मियों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए प्रभात फेरी में हिस्सा लिया. यह जागरूकता रैली अग्निशमन केंद्र बारसोई से शुरू होकर रास चौक, निमतल्ला चौक, शहीद शुभम चौक, मस्जिद चौक के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई हाई स्कूल परिसर में समाप्त हुई. रैली के दौरान अग्नि सुरक्षा के नारों से बारसोई की गलियां गूंज उठीं. इसके बाद हाई स्कूल परिसर असली परीक्षा का मैदान बन गया. अग्निशमन दल ने वहां मॉक ड्रिल का जीवंत प्रदर्शन किया. जिसमें आग लगने पर तत्काल निकासी, फंसे लोगों का बचाव व अलग-अलग प्रकार की आग को सही तरीके से बुझाने की विधि को आंखों के सामने उतारा गया. क्या करें, क्या न करें की यह व्यावहारिक शिक्षा विद्यार्थियों के लिए किसी पाठयपुस्तक से कम नहीं थी. कार्यक्रम के अंत में पंपलेट वितरित कर बच्चों को अग्निशमन सेवा के सरकारी आपातकालीन नंबर भी कंठस्थ कराया गया. आयोजन की बागडोर प्रभारी अनुमंडल अग्नि समन पदाधिकारी शिव शंकर यादव, सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार के हाथों में रही. उनके साथ प्रधान अग्निक देव कुमार यादव, संजय चौधरी, सागर कुमार, अग्निक चालक नीतीश कुमार, प्रभात कुमार, शशि रंजन कुमार, संतोष कुमार, रवि प्रसाद, अग्निक राजीव कुमार, मुकेश कुमार, राहुल कुमार, दीपक कुमार, विकास कुमार राम, रंभा कुमारी, स्वाति कुमारी, सुधीर कुमार, अविनाश कुमार, अजीत कुमार सहित पूरी टीम ने समर्पण भाव से अपनी भूमिका निभाई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >