– घरेलू बजट पर एक बार फिर बढ़ा बोझ कटिहार घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से आम उपभोक्ताओं, खासकर गृहणियों की परेशानी बढ़ गई है. गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि के बाद अब रसोई का बजट और बिगड़ा है. महंगाई की मार झेल रहे मध्यम वर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है. गृहणियों का कहना है कि पहले से ही खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दालों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हुई हैं. ऐसे में रसोई गैस के दाम ई बार फिर बढ़ने से परिवार का मासिक बजट प्रभावित होगा. शहर की कई महिलाओं ने बताया कि गैस सिलेंडर घरेलू जरूरत की सबसे महत्वपूर्ण वस्तुओं में शामिल है. इसकी कीमत बढ़ने का सीधा असर हर घर की रसोई पर पड़ता है. उपभोक्ताओं के अनुसार, एक तरफ आमदनी में कोई विशेष वृद्धि नहीं हो रही है. दूसरी ओर लगातार बढ़ती महंगाई लोगों की आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर रही है. कई परिवार ऐसे हैं जो पहले ही खर्चों में कटौती कर किसी तरह घर चला रहे हैं. अब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा. गृहणी रीना देवी ने बताया कि हर महीने राशन, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों के बाद बचत करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में गैस सिलेंडर महंगा होने से घरेलू बजट और प्रभावित होगा. शांति देवी ने कहा कि सरकार को आमलोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रसोई गैस की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए. लोगों का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहता. बल्कि इसका प्रभाव छोटे व्यवसायों और खाद्य सामग्री से जुड़े कारोबारों पर भी पड़ता है. इससे आने वाले दिनों में अन्य वस्तुओं की कीमतों पर भी असर देखने को मिलेगा. आमलोगों का कहना है कि महंगाई बढ़ती है तो चीजों के दाम बढ़ा देते हैं, लेकिन उनके के बाद उनके दाम कभी कम नहीं किए जाते हैं. आपदा में दाम बढ़ना लाजमी है. लेकिन सब सामान्य होने के बाद कीमतों में फिर क्यों कमी नहीं की जाती है. सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों पर पुनर्विचार करने तथा आमलोगों को राहत देने की है. बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस के दाम में वृद्धि से परिवारों की आर्थिक चुनौतियां और बढ़ गई हैं. फिलहाल गैस एजेंसियों पर नई दरें लागू हो चुकी हैं. उपभोक्ताओं को अब सिलेंडर लेने के लिए पहले की तुलना में 29 रुपये अधिक चुकाने होंगे. इससे आमलोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल देखा जा रहा है.
रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से गृहणियां परेशान
रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से गृहणियां परेशान
