मूल्यांकन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जारी किया दिशा-निर्देश कटिहार जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत वर्ग एक से वर्ग आठ तक के विद्यार्थियों के लिए संपन्न अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की बारी है. इसको लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दिशा-निर्देश जारी कर दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी की ओर से जारी दिशा-निर्देश में कहा गया है कि सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में अध्ययनरत् वर्ग एक से वर्ग आठ तक के विद्यार्थियों के लिए संपन्न अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा का एसओपी उपलब्ध कराया गया था. विभागीय दिशानिर्देश के आलोक में मूल्यांकन कार्य दिनांक 16-09-2025 से दिनांक 20-09-2025 के बीच किये जाने का निर्देश दिया गया था.अब मूल्यांकन कार्य दिनांक 19-24 सितम्बर 2025 के मध्य सम्पादित कराया जाय. ताकि 27-09-2025 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक छात्र, अभिभावक व शिक्षक बैठक का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके. मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर दिये गये निर्देश में कहा गया है कि मूल्यांकन का कार्य प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा चिन्हित स्कूल कॉम्प्लेक्स अर्थात पंचायत में अवस्थित स्कूल कॉम्प्लेक्स या कोई अन्य निर्धारित विद्यालय में किया जाना है. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने स्तर से मूल्यांकन निदेशक की प्रतिनियुक्ति करेंगे. जिनके द्वारा ससमय मूल्यांकन से संबंधित समस्त कार्यों का निष्पादन किया जायेगा. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व्यवहृत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रधान परीक्षक, सह परीक्षक की प्रतिनियुक्ति करते समय संबंधित शिक्षकों के शिक्षण अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें वरीयता देंगे. मूल्यांकन केन्द्र पर आवश्यकता के आकलन के आधार पर परीक्षकों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे. परीक्षकों की प्रतिनियुक्ति करते समय वर्गवार व वर्ग छह से आठ के विषयवार संबंधित शिक्षकों को प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे. मोबाइल फोन करना वर्जित आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक मूल्यांकन केन्द्र पर मूल्यांकन का कार्य पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक ही किया जायेगा. मूल्यांकन निदेशक मूल्यांकन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त प्रधान परीक्षकों व सह-परीक्षकों को अपने स्तर से निर्देशित करेंगे. मूल्यांकन कार्य के दौरान परीक्षकों द्वारा मोबाईल फोन का उपयोग करना वर्जित है. प्रत्येक 10-12 सह परीक्षकों पर एक प्रधान परीक्षक नियुक्त करेंगे. मूल्यांकन केन्द्र का मुख्य गेट पूर्वाह्न 10:15 बजे बन्द कर दिया जायेगा और पुनः अपराह्न 04:00 बजे खोला जायेगा. सभी सह परीक्षक मूल्यांकन के लिए लाल कलम का उपयोग करेंगे. जबकि प्रधान परीक्षक हरा कलम का उपयोग करेंगे. सभी सह परीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी प्रश्न या खण्ड अमूल्यांकित न हो. सभी सह परीक्षक व्यवहृत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के क्रम में मूल्यांकन के पश्चात उत्तर पुस्तिकाओं के दाहिने तरफ प्राप्त अंकों को दर्ज करेंगे. प्रश्न के प्रत्येक खण्डों का अलग-अलग मूल्यांकन करते हुए कुल अंकों को गोले के अन्दर अंकित करेंगे. व्यवहृत उत्तर पुस्तिकाओं के अन्दर दिये गये कुल अंकों का योग एवं प्रथम पृष्ठ पर अंकित कुल अंको के योग में समानता होनी चाहिए. 27 को छात्र, अभिभावक व शिक्षक की बैठक डीइओ की ओर से जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पश्चात अंक पत्रक पर प्रधान परीक्षक, सह-परीक्षक एवं मूल्यांकन निदेशक का हस्ताक्षर अनिवार्य है. ई शिक्षाकोष पोर्टल पर प्राप्तांकों की प्रविष्टि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निदेशित किया जाता है कि अपने अधीनस्थ सभी प्रधान परीक्षक, सह-परीक्षक एवं मूल्यांकन निदेशक को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर वर्ग एक से वर्ग आठ तक के सभी छात्र-छात्राओं के प्राप्तांकों की प्रविष्टि हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे. जिला के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में दिनांक 27-09-2025 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक छात्र, अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन किया जायेगा छात्र, अभिभावक शिक्षक बैठक के फोटोग्राफ को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
