कटिहार से रिपोर्ट,
कटिहार जिला चेस एसोसिएशन द्वारा ऑल बिहार चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय बिहार राज्य अंडर-13 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता के आयोजन में लियो क्लब ऑफ कटिहार टाउन का विशेष सहयोग रहा. समापन समारोह के मुख्य अतिथि कटिहार सांसद तारिक अनवर व कटिहार की मेयर उषा देवी अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित किया. दोनों ने आयोजन की सराहना करते हुए विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया. उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया.गर्ल्स वर्ग में मोहिनी पंडित चैंपियन, ओपन में देवांश केशरी विजेता
गर्ल्स वर्ग में छह राउंड की प्रतिस्पर्धा के बाद छपरा की मोहिनी पंडित ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. पटना की आराध्या प्रकाश उपविजेता रही. जबकि मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज तीसरे स्थान पर रही. ओपन वर्ग में सात राउंड के रोमांचक मुकाबलों के बाद पटना के देवांश केशरी विजेता बने. किशनगंज के सुरनॉय दास द्वितीय और दरभंगा के हर्षवर्धन सिंह तृतीय स्थान पर रहे.
19 जिलों के 95 खिलाड़ियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में बिहार के 19 जिलों से लगभग 95 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया. आयोजन का उद्देश्य बच्चों में बौद्धिक विकास, एकाग्रता, निर्णय क्षमता और खेल भावना को प्रोत्साहित करना था. कार्यक्रम में कटिहार चेस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास खंडेलिया, गीत अविनाश, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील यादव, इंटरनेशनल ऑर्बिटल के नंदकिशोर श्रीवास्तव, लियो क्लब के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट तेजस चौरसिया तथा संजीवनी नेत्रालय के आलोक जी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
