बीपीएससी: सामान्य अध्धयन के सवालों ने अभ्यर्थियों को किया अधिक परेशान

बीपीएससी: सामान्य अध्धयन के सवालों ने अभ्यर्थियों को किया अधिक परेशान

– एइडीओ भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा में 19944 में से 8289 अभ्यर्थी शामिल, 11655 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित कटिहार शहरी क्षेत्र के 26 परीक्षा केंद्रों पर बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा शुक्रवार को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हो गयी. द्वितीय चरण के तहत दो पाली में हुई इस परीक्षा में कुल 19944 में से 8289 अभ्यार्थी ही उपस्थित हुए. यानी 11655 अभ्यार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित रहे. जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रथम पाली में 9972 में से 4149 तथा द्वितीय पाली में 9980 में 4140 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए. सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बल तैनात किये गये थे. गहन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थी को जाने दिया गया. साथ ही परीक्षा केंद्र के बाहरी परिसर में वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी थी. कदाचार मुक्त व स्वच्छ वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर जाकर जायजा लिया. साथ ही उड़न दस्ता टीम ने भी कई परीक्षा केंद्रों पर जाकर परीक्षा संचालन का जायजा लिया. इस बीच परीक्षा को लेकर शहर में चहल पहल बढ़ गयी. विभिन्न जिलों से आये अभ्यार्थियों की वजह से बाजार में रौनक भी देखा गया. शहर में जिन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गयी. उसके आसपास निषेधाज्ञा लागू की गयी थी..साथ ही गश्ती दल भी समय-समय पर विभिन्न केंद्रों पर जाकर परीक्षा संचालन का जायजा लेते रहे. उड़नदस्ता टीम ने भी परीक्षा संचालन का जायजा लिया. हालांकि कदाचार के आरोप में एक भी परीक्षार्थी पकड़े नहीं गये. स्थानीय प्रशासन ने स्वच्छ, शांतिपूर्ण कदाचारमुक्त परीक्षा होने का दावा किया है. इधर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के बाद अधिकांश परीक्षार्थी परेशान दिखे. खासकर दूसरी पाली सामान्य अध्ययन के प्रश्न पत्र ने अभ्यर्थियों को परेशान किया. कई परीक्षार्थी ने बातचीत में बताया कि प्रश्न काफी उलझाकर पूछा गया था. इतना टफ प्रश्न की उम्मीद नहीं थी. इन 26 केंद्रों पर केंद्रों पर ली गयी परीक्षा सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के लिए आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर शहरी क्षेत्र में कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए है. जिन केंद्रों पर परीक्षा ली गयी है. उनमें केबी झा कॉलेज, एमजेएम महिला कॉलेज, सीताराम चमरिया इंटर कॉलेज हृदयगंज, सूर तुलसी इंटर कॉलेज, राजकीय उच्च विद्यालय शरीफगंज, हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय, राजकीयकृत उच्च विद्यालय, सदर अस्पताल रोड, इंटर कॉलेज बीएमपी सात, प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय न्यू कॉलोनी, मारवाड़ी उच्चतर माध्यमिक पाठशाला डेहरिया, उमा देवी मिश्रा बालिका प्लस विद्यालय, आदर्श उच्च विद्यालय न्यू कॉलोनी, माहेश्वरी एकेडमी, एमबीटीए इस्लामिया उच्च माध्यमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय बीएमपी सात, उर्दू मध्य विद्यालय कदवा रामपाड़ा, मध्य विद्यालय मिर्चाईबाड़ी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाई अड्डा, आदर्श मध्य विद्यालय बीएमपी सात, मध्य विद्यालय सिरसा (एससी), स्कॉटिश पब्लिक स्कूल, बरमसिया, जय माला शिक्षा निकेतन, हृदयगंज, मैरी इमैकुलेट स्कूल बरमसिया, टीओमल वर्ल्ड स्कूल इंडस्ट्रियल एस्टेट एवं एसएस पब्लिक स्कूल लोहिया नगर शामिल है. बाजार व रेलवे स्टेशन पर रही चहल-पहल इस परीक्षा से कटिहार रेलवे स्टेशन पर चहल-पहल रही. साथ ही बाजारों में भी अत्यधिक आवाजाही रही. दरअसल विभिन्न जिलों से आये अभ्यर्थी शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे. बाजारों में भी रौनक रही. शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10.00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2:30 बजे 4.30 बजे तक संचालित हुई. अत्यधिक अभ्यार्थी की वजह से शहर के कुछ मुख्य पथ पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गयी. खासकर मंगल बाजार, गर्ल्स स्कूल रोड, बाटा चौक, फल पट्टी, शहीद चौक, सदर अस्पताल रोड, बड़ा बाजार के पास कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी रही. ठहरने व भोजन को लेकर परेशानी इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों तथा बिहार के बाहर से अभ्यर्थी यहां पहुंचे थे. कई अभ्यर्थियों को ठहरने के होटल आदि में जगह नहीं मिलने की वजह से रेलवे स्टेशन पर रात गुजारना पड़ा. साथ ही अभ्यर्थियों को भोजन व नाश्ता के लिए में काफी मशक्कत करनी पड़ी. जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा मंगलवार को हुई है. उन्हीं अभ्यर्थियों की परीक्षा शनिवार को भी है. ऐसे में उन अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए होटल, लॉज या गेस्ट हाउस की जरूरत पड़ी है पर उतनी संख्या में ठहरने की व्यवस्था नहीं होने की वजह से अभ्यर्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी है. कई अभ्यर्थियों ने तो स्टेशन पर ही रात बिताया है. आज एक पाली में जनरल एप्टीट्यूड की होगी परीक्षा सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी के पद के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में जिन अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को परीक्षा दी है. उन्हीं अभ्यर्थियों की परीक्षा शनिवार को पहली पाली में होगी. उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को प्रथम पाली में अभ्यर्थियों ने जनरल नॉलेज एवं द्वितीय पाली में जनरल स्टडीज की परीक्षा दी जबकि, शनिवार को पहली पाली में जनरल एप्टीट्यूड की परीक्षा होगी. इसके बाद दूसरे चरण अंतिम व तीसरे चरण की परीक्षा 20 एवं 21 अप्रैल को आयोजित की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >