– प्रथम दिन 233 लोग स्व गणना में हुए शामिल कटिहार जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य शुरू हो गया है. प्रथम चरण के तहत स्व गणना की प्रक्रिया शुरू की गयी है. शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला पदाधिकारी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी. पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएम ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना की विधिवत शुरूआत पूरे बिहार राज्य में शुक्रवार को हुई,। इसी क्रम में मुख्यमंत्री बिहार के स्वगणना का कार्य प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना तथा निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, पटना द्वारा उनके कार्यालय में किया गया. मुख्य सचिव, बिहार सरकार के स्तर से संपन्न राज्य स्तरीय वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिये गये निर्देश के आलोक में शुक्रवार जिला अंतर्गत विधायक कटिहार, विधान परिषद के सदस्य कटिहार, माननीय महापौर, नगर निगम, कटिहार तथा उपमेयर, नगर निगम, कटिहार के स्वगणना का कार्य नगर निगम, के अधिकारियों व कर्मियों द्वारा किया गया. डीएम ने बताया कि भारत की इस बार की जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है. भारत सरकार के द्वारा भारत के नागरिकों को अपनी जनगणना स्वयं करने का अधिकार प्रदान किया गया है. इस कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा एक स्वगणना पोर्टल विकसित की गयी है. जिसका वेबसाईट एसई डॉट सेंसेस डॉट जीओवी डॉट इन है. कोई भी आम नागरिक इस पोर्टल पर लॉग-इन कर अपना मोबाईल नंबर डालकर अपना स्वगणना संबंधी कार्य कर सकता है. उन्होंने कहा कि कटिहार जिले के सभी जनप्रतिनिधि द्वारा कटिहार के आम नागरिकों से अपने स्वगणना करने के लिए अपील की गयो है. शुक्रवार कटिहार जिले के सभी 24 चार्ज पदाधिकारी द्वारा अपने क्षेत्रों के आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों के स्वगणना संबंधी कार्य करने के लिए बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की गयी है शुक्रवार को जनगणना के संबंधित पोर्टल से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर 05:00 बजे अपराह्न तक कुल 233 लोगों द्वारा अपना स्वगणना किया गया. डीएम ने सभी विभागों के कार्यालय प्रधान को अपने नियंत्रणाधीन सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को अपना स्वगणना करने के लिए निर्देशित किया गया है.
जनगणना 2027: निर्धारित पोर्टल पर आमलोग करें स्व गणना: डीएम
जनगणना 2027: निर्धारित पोर्टल पर आमलोग करें स्व गणना: डीएम
