कटिहार : जिला पदाधिकारी सह समाहर्ता के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान कुल 23 लीटर शराब बरामद की गई.
डीएम आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में मद्य निषेध विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की. सहायक थाना क्षेत्र के पीएंडटी चौक के समीप कार्रवाई करते हुए करण कुमार को 9.250 लीटर विदेशी बीयर तथा संजय कुमार को 3.750 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
इसी अभियान के दौरान नगर थाना क्षेत्र के शिव मंदिर चौक से डोमनी देवी को पांच लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया. वहीं मनिहारी थाना क्षेत्र के नया टोला पगलाबाड़ी से माणिकचंद सहनी को भी पांच लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 23 लीटर शराब बरामद की गई है. महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
