कुरसेला-कोढ़ा बाजार में फ्लाई ओवर व एनएच 31 फोरलेन बनेगा, सांसद

कुरसेला-कोढ़ा बाजार में फ्लाई ओवर व एनएच 31 फोरलेन बनेगा, सांसद

कोढ़ा कुरसेला व कोढ़ा बाज़ार में लंबे समय से लगने वाले भीषण जाम, अवरुद्ध यातायात व अपर्याप्त अवसंरचना को लेकर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठायी मांग पर सकारात्मक प्रगति हुई है. सांसद के आग्रह को केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकार करते हुए आधिकारिक पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि एनएच 31 के खगड़िया-पूर्णिया खंड के 4-लेन डीपीआर में कुरसेला व कोढ़ा बाज़ार क्षेत्रों में फ्लाईओवर प्रस्तावित किए गए हैं. यह कदम क्षेत्र की यातायात समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा. ये कहना है खुद सांसद पप्पू यादव का. सांसद ने अपने पत्राचार में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि कुरसेला व कोढ़ा के घनी आबादी वाले बाज़ार से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन भारी वाहनों और स्थानीय यातायात के कारण लंबा जाम लगता है. जिससे आमलोगों, व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी होती है. आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं. फ्लाईओवर या बाईपास निर्माण की मांग के साथ-साथ राजमार्ग की चौड़ाई बढ़ाने और ट्रैफिक प्रबंधन की आधुनिक व्यवस्था स्थापित करने का आग्रह किया था. केंद्रीय मंत्री के जवाब के अनुसार, खगड़िया–पूर्णिया खंड के 4-लेन से डीपीआर में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए आधुनिक व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है. इसके अंतर्गत स्मार्ट सिग्नलिंग, निगरानी तंत्र और बेहतर यातायात नियमन की व्यवस्था शामिल की जायेगी. इससे न केवल जाम की समस्या में कमी आयेगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण संभव होगा. साथ ही आवश्यक स्थानों पर सर्विस रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है. व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी और मुख्य राजमार्ग पर दबाव कम होगा. सांसद ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपदा प्रबंधन के लिए विशिष्ट ग्रीन कॉरिडोर की योजना का भी आग्रह किया था. पूर्णिया व आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ व अन्य आपदाओं की आशंका को देखते हुए तेज और निर्बाध आवागमन अत्यंत आवश्यक है. प्रस्तावित अवसंरचना विकास से एम्बुलेंस, अग्निशमन और राहत वाहनों को सुगमता मिलेगी. यह पहल क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक संरचना को मजबूत करने में भी सहायक होगी. बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. आमलोगों ने कहा, फ्लाईओवर और 4-लेन परियोजना से वर्षों पुरानी जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा. अब लोगों की निगाहें परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन पर टिकी हैं. यदि निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य प्रारंभ होता है, तो पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र में यातायात, व्यापार और समग्र विकास की नई राह खुलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >