फलका (कटिहार). फलका थाना क्षेत्र की हथवाड़ा पंचायत के वार्ड संख्या तीन स्थित फुलडोभी बंगाली टोला में गुरुवार की रात खाना बनाने के दौरान अचानक एक घर में आग लग गयी. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गयीं और घर के समीप रखे जूट के संठी में आग पकड़ लेने से स्थिति विकराल हो गयी. कुछ ही देर में आग ने एक ही परिवार के तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया. तीनों घर धू-धू कर जलने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और आसपास के अन्य घरों को बचा लिया गया.
जूट के संठी में आग पकड़ने से विकराल हुई स्थिति
जानकारी के अनुसार अग्निपीड़ित सनाउद्दीन के घर में खाना बनाने के दौरान आग लगी थी. आग की लपटें तेजी से फैलते हुए घर के समीप रखे जूट के संठी तक पहुंच गयीं. इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते परिवार के तीन घर जलने लगे.
ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर पाया काबू
आग की भयावहता देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया. उनके प्रयास से आग को आसपास के दूसरे घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गयी.
नकदी, जेवरात और घरेलू सामान जलकर राख
अगलगी में घर में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज, जेवरात और अन्य घरेलू सामान के साथ नकदी भी जलकर राख हो गयी. पीड़ित परिवार के अनुसार बक्से में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गये. सनाउद्दीन के साथ उनके पिता और दो पुत्र के घरों में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया.
तीन घरों का सामान जलने से परिवार के सामने संकट
अगलगी के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और घरेलू जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है. पीड़ितों ने बताया कि घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. घटना में हुए कुल नुकसान का फिलहाल आकलन नहीं हो सका है.
राजस्व कर्मचारी ने किया नुकसान का आकलन
घटना की सूचना मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया. अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजकर अगलगी से हुए नुकसान की जांच करने और जांच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया है.
कागजी प्रक्रिया के बाद मिलेगी सहायता राशि
अंचलाधिकारी ने बताया कि जांच और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार अग्निपीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध करायी जायेगी. प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कराया जा रहा है.
मुखिया और उप मुखिया ने मांगी तत्काल सरकारी मदद
स्थानीय मुखिया भारती कुमारी और उप मुखिया साजिद आलम ने अग्निपीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
