फर्जी प्रतिपूर्ति मामले में निजी स्कूल के सचिव पर प्राथमिकी दर्ज

फर्जी प्रतिपूर्ति मामले में निजी स्कूल के सचिव पर प्राथमिकी दर्ज

कोढ़ा प्रखंड के बहरखाल स्थित जेपी पब्लिक स्कूल के सचिव के खिलाफ फर्जी प्रतिपूर्ति दावा करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई है. जिसमें सरकारी योजना के तहत गलत जानकारी देकर राशि प्राप्त करने की कोशिश का खुलासा हुआ है. डीपीओ पीएम पोषण योजना, कटिहार द्वारा थानाध्यक्ष को आवेदन देकर संबंधित विद्यालय के सचिव मनोज कुमार सिंह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया था. यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार के आदेश के आलोक में की गयी. जांच जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कटिहार द्वारा की गई थी. जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट हुआ कि जेपी पब्लिक स्कूल द्वारा छात्रों के नाम पर प्रतिपूर्ति का जो दावा किया गया था वह फर्जी एवं भ्रामक पाया गया. जांच में जब संबंधित छात्रों के अभिभावकों से दूरभाष से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उनसे अन्य छात्रों की तरह ही नियमित फीस ली गई है. यह तथ्य सामने आने के बाद यह स्पष्ट हुआ विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 का उल्लंघन किया गया है. अधिनियम के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, जिन छात्रों के नाम पर सरकारी प्रतिपूर्ति का दावा किया जाता है, उनसे किसी प्रकार की फीस नहीं ली जानी चाहिए. इसके बावजूद फीस वसूली कर सरकारी राशि प्राप्त करने का प्रयास गंभीर अनियमितता और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है. जिला प्रशासन ने इसे सरकारी योजना के दुरुपयोग का गंभीर मामला मानते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. इसी क्रम में रौतारा थाना में कांड संख्या 95/26, दिनांक 05 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया है. जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार यादव को सौंपी गई है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आगे भी गहन जांच की जायेगी. यदि अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं, तो संबंधित के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जायेगी. डीपीओ ने बताया कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस कार्रवाई से जिले के निजी विद्यालयों में हड़कंप मच गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >