नामांकन को लेकर प्रधानाध्यापक व टोला सेवक में मारपीट

नामांकन को लेकर प्रधानाध्यापक व टोला सेवक में मारपीट

कोढ़ा कोढ़ा प्रखंड के बिनोदपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय शिवनगर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब विद्यालय में नामांकन को लेकर प्रधानाध्यापक अवनिन्द्र कुमार सिंह व टोला सेवक अबू बकर सिद्दीकी के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गयी. इस घटना में प्रधानाध्यापक घायल हो गये. जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. विद्यालय में नये शैक्षणिक सत्र के नामांकन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहा था. शनिवार को यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब टोला सेवक ने नामांकन की प्रक्रिया पर सवाल उठाये. प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि टोला सेवक अबू बकर सिद्दीकी विद्यालय के शैक्षणिक कार्यों में लगातार हस्तक्षेप कर रहे हैं. ग्रामीणों को गुमराह कर माहौल बिगाड़ रहे हैं. प्रधानाध्यापक अवनिन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि विवाद के दौरान टोला सेवक ने कुछ ग्रामीणों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की. टोला सेवक अबू बकर सिद्दीकी ने प्रधानाध्यापक पर छात्रों के नामांकन को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और कहा कि जब उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाही तो प्रधानाध्यापक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई की. प्रभारी बीईओ प्रियंका कुमारी विद्यालय पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने सभी शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत की तथा विद्यालय से संबंधित सभी दस्तावेज और नामांकन रजिस्टर को जांच के लिए जब्त कर लिया है. कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. ताकि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुचारु बना रहे. इधर, ग्रामीणों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >