पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली खर्च में आयेगी कमी, पर्यावरण संरक्षण में भी अहम

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बिजली खर्च में आयेगी कमी, पर्यावरण संरक्षण में भी अहम

पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना को लेकर सोलर मेला आयोजित, लोगों को दी गयी जानकारी कटिहार नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कटिहार-बारसोई की ओर से गुरुवार को टाउन हॉल में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर मेला का आयोजन किया गया. मुख्य उद्देश्य आमलोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इस योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देना था. उद्घाटन सदर विधायक तार किशोर प्रसाद व डीएम आशुतोष द्विवेदी ने किया. विद्युत कार्यपालक अभियंता धीरज कुमार सिन्हा व कई अधिकारी मौजूद रहे. सदर विधायक ने सौर ऊर्जा को भविष्य की ऊर्जा बताते हुए लोगों से इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की. विधायक ने कहा की प्रधानमंत्री के इस योजना से हर तबका लाभान्वित होने वाला है. घर में सोलर पैनल लगाने को लेकर सरकार अच्छी खासी सब्सिडी दे रही है. जिसे लोग भरपूर लाभ उठाएं. डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा, यह योजना न केवल बिजली खर्च में कमी लायेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभायेगी. सोलर मेले में 20 कंपनियों ने स्टॉल लगाये. आधुनिक सोलर पैनल, इनवर्टर उपकरणों का प्रदर्शन किया. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आमलोगों को सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, लागत, सब्सिडी तथा स्थापना प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी. मेले में बड़ी संख्या में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से लोग पहुंचे और सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल किया. घरेलू उपभोक्ताओं ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी व इससे होने वाले आर्थिक लाभ को लेकर विशेष रुचि दिखायी. 30 हजार से 78 हजार तक मिलेगा सरकार का अनुदान मेल को लेकर विद्युत कार्यपालक अभियंता धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मेला का मुख्य उद्देश्य लोगों को सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है. जिला में अबतक 1000 से ऊपर लोगों ने इस योजना का लाभ उठाते हुए सोलर ऊर्जा का पैनल अपने घर के छत पर लगा लिया है. सौर ऊर्जा को लेकर सरकार अच्छी खासी सब्सिडी दे रही है. 30000 से लेकर 78000 तक सरकार की ओर से सब्सिडी है. बीपीएल श्रेणी में आने वाले कुटीर उद्योग करने वालों को इस योजना के तहत सरकार का 100 प्रतिशत अनुदान रहेगा. कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर जिला में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. पैसे नहीं है तो बैंक सोलर पैनल के लिए देगा ऋण सोलर मेला के दौरान कंपनियों के द्वारा लोगों को सोलर ऊर्जा के प्रति भरपूर जागरूक किया. बताया गया की अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं. बिजली बिल को शून्य तक ला सकते हैं. लालसन एनर्जी पावर सिस्टम के प्रोजेक्ट मैनेजर पवन कुमार साह ने बताया कि उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है. अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें. एक किलो वाट में 80 हजार रुपया का खर्च आ रहा है. 30 हजार सरकार सब्सिडी देगी. दो किलो वाट में एक लाख 37 हजार लगेंगे. सरकार 60 हजार सब्सिडी देगी. तीन किलो वाट में 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है. बैंक भी कम दरों पर ऋण दे रहा है. यदि सोलर ऊर्जा लगाना चाह रहे हैं. पैसे नहीं है तो मात्र छह प्रतिशत के कम ब्याज दर पर बैंक ऋण के जरिए आप सोलर पैनल ले सकते हैं. कुल मिलाकर यह सोलर मेला कटिहार वासियों और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए काफी ज्ञानवर्धक साबित हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >