– 132 स्कूलों में सप्लाई संभाल रहे एनजीओ पर गंभीर सवाल – बच्चों ने खट्टा-बदबूदार खाना खाने से किया इनकार बारसोई बारसोई प्रखंड में मिड-डे मील योजना एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है. एक अप्रैल से प्रखंड के 132 विद्यालयों में पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनिशियेटिव नामक एनजीओ को सौंपी गई है लेकिन शुरुआत के कुछ ही दिनों में लगातार मिल रही शिकायतों ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उत्क्रमित मध्य विद्यालय कचना व उत्क्रमित मध्य विद्यालय माला पाड़ा में बच्चों को परोसा गया भोजन खट्टा एवं बदबूदार पाया गया.बच्चों ने खाना खाने से साफ इनकार कर दिया. कई बच्चे भूखे ही घर लौट गए. उत्क्रमित मध्य विद्यालय कचना की प्रधानाध्यापिका जलसा कुमारी ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है. माला पाड़ा के प्रधानाध्यापक अजय कुमार राय ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कई दिनों से खराब भोजन की आपूर्ति हो रही है. मना करने के बावजूद जबरन भेजा जा रहा है जो बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ है. गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पूर्व भी तीन-चार बार मिड-डे मील में प्लास्टिक के टुकड़े, सिर के बाल एवं कीड़े मिलने को लेकर छात्रों व अभिभावकों द्वारा प्रदर्शन किया जा चुका है. एनजीओ के किचन मैनेजर सुजीत कुमार महतो ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश करार दिया है. वहीं घटना से नाराज अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. बीईओ मुमताज अहमद ने बताया कि मामले की सूचना मिली है. एमडीएम प्रभारी को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर जांच रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन से उठी मांग स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी एजेंसी पर कार्रवाई करने एवं बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित कराने की मांग की है. यह मामला साफ तौर पर दर्शाता है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गये, तो मिड-डे मील जैसी महत्वपूर्ण योजना बच्चों के लिए वरदान की जगह अभिशाप बन सकती है.
बारसोई मिड-डे मील में गड़बड़ी से बवाल, खराब भोजन पर भड़के अभिभावक
बारसोई मिड-डे मील में गड़बड़ी से बवाल, खराब भोजन पर भड़के अभिभावक
