कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में मखाना की खेती को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. जनवरी के अंतिम सप्ताह और फरवरी की शुरुआत से ही किसान मखाना के खेत की तैयारी में जुट गए हैं. इस बार मखाना को बाजार में लगातार बेहतर भाव मिलने के कारण पिछले वर्षों की तुलना में अधिक किसान बढ़-चढ़कर मखाना की खेती की ओर रुख कर रहे हैं. किसान खुशबू कुमारी ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से मखाना की खेती कर रही हैं. पहले परिवार की आजीविका मक्का और धान की खेती पर निर्भर थी. मखाना के अच्छे बाजार भाव को देखते हुए उन्होंने फिर से मखाना की खेती की तैयारी शुरू की है. किसान शिव शंकर शाह का कहना है कि बीते दो वर्षों से मखाना के लगातार अच्छे दाम मिलने से उन्होंने मक्का और धान की खेती को पीछे छोड़ मखाना की खेती को अपनाया है. मखाना की खेती से हो रही बेहतर आमदनी से अब बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ पूरे परिवार का भरण-पोषण पहले से बेहतर हो पा रहा है. किसानों का मानना है कि यदि बाजार भाव इसी तरह अनुकूल रहा तो आने वाले वर्षों में कोढ़ा प्रखंड मखाना उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन सकता है.
मखाना की खेती में मन लगा रहे क्षेत्र के किसान
मखाना की खेती में मन लगा रहे क्षेत्र के किसान
