कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, कटिहार के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के व्याख्याता इं. अमित कुमार के स्थानांतरण के अवसर पर संस्थान परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया. उनका स्थानांतरण राजकीय पॉलिटेक्निक, भोजपुर में हुआ है.
समारोह की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने की. उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर अमित कुमार को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
शिक्षण और संस्थान के विकास में रहा अहम योगदान
प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने कहा कि अमित कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षण कार्य के साथ-साथ स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनकी कार्यनिष्ठा और समर्पण संस्थान के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा.
इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष इं. अभिषेक मानकर ने विभाग के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्लेसमेंट के लिए मॉक इंटरव्यू, एनबीए से जुड़े कार्यों और उनकी प्रभावी शिक्षण शैली से विद्यार्थियों और विभाग दोनों को लाभ मिला.
सहकर्मियों ने साझा किए अनुभव
इं. जियाउर रहमान ने कहा कि गृह क्षेत्र के निकट उनका स्थानांतरण खुशी की बात है, लेकिन विभाग उनके सहयोग और आत्मीय व्यवहार को हमेशा याद रखेगा.
इं. राहुल कुमार ने कहा कि अमित कुमार उनके लिए केवल सहकर्मी नहीं, बल्कि बड़े भाई समान रहे हैं. उन्होंने हमेशा मार्गदर्शन और सहयोग देकर कार्य को आसान बनाया.
अमित कुमार ने जताया आभार
कार्यक्रम का संचालन इं. अभिषेक कुमार ने किया. उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अमित कुमार के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
अपने संबोधन में अमित कुमार ने प्राचार्य डॉ. रवि कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कार्य करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला. उन्होंने संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और सहकर्मियों के सहयोग एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया.
समारोह में रहे उपस्थित
विदाई समारोह में इं. पी.के. मंडल, इं. सुजीत कुमार, डॉ. आर.एस. राणा, इं. गर्गी, इं. नरेंद्र, इं. चंदन शाह, गजानंद, डॉ. सज्जाद शेखरा, इं. नोमान, इं. अमित कुमार नयन, इं. हिमांशु, डॉ. नित्यानंद, इं. राजीव, इं. हैप्पी, इं. सूरज, इं. सत्यम, इं. अनुज, अविनाश सहित सभी शिक्षक, कार्यालय कर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.
