कटिहार मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है. शिक्षा विभाग की जांच में दो स्कूलों में अनियमितता पायी गयी है. मध्याह्न भोजन योजना समिति ने कुल 357306 रुपये की वसूली का आदेश दिया है. जानकारी के मुताबिक जिले के प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाभा और राजकीय मध्य विद्यालय केहूनियां में एमडीएम की उपस्थिति में हेराफेरी की पुष्टि हुई है. जांच में पाया गया कि छात्रों की संख्या फर्जी तरीके से बढ़ाकर एमडीएम फंड लिया गया है. इस घोटाले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगा है. हालांकि यह कदम शिक्षा विभाग की सख्ती और इस योजना में हो रहे भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है. यह भी स्पष्ट किया है कि मिड-डे मील योजना, जो बच्चों के पोषण के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है. भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का शिकार हो रही है. फिलहाल विभाग दो स्कूलों से राशि की वसूली की करेंगी. जिसमे उत्क्रमित मध्य विद्यालय लाभा में 11 नवंबर 2024 को जिला साधन सेवी ने जांच की थी. जांच के दौरान पाया गया कि पंजी में दर्ज उपस्थिति और सात दिनों के औसत उपस्थिति में अंतर था. कक्षा एक से पांच में 114 छात्रों और कक्षा छह से आठ में 31 छात्रों की उपस्थिति में 10 प्रतिशत से अधिक गड़बड़ी पायी गयी. इस घोटाले के लिए 109988 रुपये की वसूली का आदेश दिया गया है. जबकि राजकीय मध्य विद्यालय केहूनियां में 28 दिसंबर 2024 को त्रिस्तरीय कमेटी ने निरीक्षण किया. यहां भी पंजी में दर्ज उपस्थिति और औसत उपस्थिति में अंतर पाया गया. कक्षा एक से पांच में 122 छात्रों और कक्षा छह से आठ में 207 छात्रों की उपस्थिति में गड़बड़ी मिली, जो वास्तविक उपस्थिति से 10 प्रतिशत अधिक थी. इस गड़बड़ी के लिए 256318 रुपये की वसूली का आदेश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
