उद्यमियों को मिलेगा विशेष आर्थिक पैकेज: मुख्यमंत्री

उद्यमियों को मिलेगा विशेष आर्थिक पैकेज: मुख्यमंत्री

– समृद्धि यात्रा के दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा फोटो 30 केप्शन- उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते कटिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार जिला के प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत बरझल्ला पंचायत में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर समृद्धि यात्रा के तहत जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय दो की योजनाओं तथा सात निश्चय तीन की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी. डीएम ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी. समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है. राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है. बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है. इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी. उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले. बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो. सात निश्चय तीन के क्रियान्वयन से होगा विकास मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर, 2025 को राज्य में नयी सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय तीन के कार्यक्रमों को लागू किया है. उन्होंने कहा कि सात निश्चय तीन के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य मजबूत आधार आधुनिक विस्तार है. इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है. साथ ही राज्य में नये आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है. शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए पांच नयी एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण एवं सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है. पर्यटन स्थल रूप में विकसित होगा क्षेत्र मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है. पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में किये गये कार्यों को जनता तक पहुंचायें. समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के प्रभारी पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमार आशीष, कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >