बारसोई प्रखंड के विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन समय पर उपलब्ध नहीं होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने संबंधित संस्था को सख्त निर्देश जारी किया है. जारी पत्र के अनुसार, स्वयं सेवी संस्था सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनिशिएटिव द्वारा प्रखंड के 138 विद्यालयों में पका-पकाया मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. लेकिन हाल के दिनों में विभिन्न समाचार पत्रों में यह खबर प्रकाशित हुई कि विद्यालयों में समय पर भोजन नहीं पहुंच रहा है. बच्चों के पोषण और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं. बीईओ मोताज अहमद ने निर्देश दिया है कि सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाय. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. पत्र में बिहार मध्यान्ह भोजन योजना, पटना के निदेशक के निर्देशों का हवाला देते हुए संबंधित संस्था को सख्ती से अनुपालन करने को कहा गया है. भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा तथा व्यवस्था में सुधार लाना प्राथमिकता है.
विद्यालयों में समय पर उपलब्ध कराएं एमडीएम, बीईओ
विद्यालयों में समय पर उपलब्ध कराएं एमडीएम, बीईओ
