– विभिन्न कोषांगों के कार्यों का जायजा लेते हुए दिये निर्देश कटिहार बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के अंतर्गत नियुक्त व्यय प्रेक्षक आर गोपाल सामी ने बुधवार को अनुमंडल परिसर स्थित प्रेस क्लब भवन में संचालित शिकायत निवारण एवं वोटर हेल्पलाइन कोषांग, मीडिया, एमसी एमसी कोषांग, सी-विजिल कोषांग का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में व्यय प्रेक्षक ने प्रत्येक कोषांग के कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया. निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों व प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. उन्होंने शिकायत निवारण व वोटर हेल्पलाइन कोषांग में प्राप्त शिकायतों के त्वरित व पारदर्शी निपटान पर बल दिया. साथ ही व्यय-प्रेक्षक ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी दूरभाष लाइनों का संचालन सुचारु रहे तथा प्रत्येक कॉल व शिकायत का अभिलेख रखकर समय पर निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाय. उन्होंने मीडिया कोषांग के निरीक्षण के दौरान मीडिया मॉनिटरिंग रिपोर्ट, फेक न्यूज की पहचान, पेड न्यूज की निगरानी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. सी-विजिल कोषांग में मोबाइल एप से प्राप्त शिकायतों की जांच एवं फील्ड टीमों की कार्रवाई की समीक्षा की तथा समयबद्ध प्रतिवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. व्यय प्रेक्षक ने कहा कि सभी कोषांग निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए समन्वय व पारदर्शिता के साथ कार्य करें. ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके. निरीक्षण के क्रम में व्यय कोषांग के नोडल पदाधिकारी के साथ-साथ संबंधित सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
