चारदीवारी के अभाव में असुरक्षित हुआ उउमा विद्यालय, शराबियों का बना अड्डा

चारदीवारी के अभाव में असुरक्षित हुआ उउमा विद्यालय, शराबियों का बना अड्डा

कोढ़ा प्रखंड के उत्तरी सिमरिया पंचायत स्थित उउमावि सिमरिया उत्तर इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. विद्यालय परिसर में चारदीवारी नहीं रहने के कारण शिक्षकों व विद्यार्थियों को प्रतिदिन गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चारदीवारी नहीं होने के कारण विद्यालय बंद होने के बाद असामाजिक तत्व आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं. विद्यालय की संपत्ति को लगातार नुकसान पहुंच रहा है. कई बार कक्षाओं में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. विद्यालय परिसर अब धीरे-धीरे नशा करने वाले लोगों का अड्डा बनता जा रहा है. जिससे छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है. सुबह विद्यालय खुलने पर परिसर में गंदगी, बोतलें एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने से शिक्षकों और बच्चों में भय का माहौल बना रहता है. विद्यालय परिसर के मध्य स्थित एक भवन की स्थिति भी अत्यंत चिंताजनक है. यह भवन काफी जर्जर अवस्था में है. जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है. इसके बावजूद आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. स्वच्छता व्यवस्था की बात करें तो पूरे विद्यालय में केवल एक ही शौचालय है. वह भी अत्यंत जर्जर हालत में है. छात्रों, विशेषकर छात्राओं को इससे भारी परेशानी उठानी पड़ती है. बारिश के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है. ग्रामीणों व अभिभावकों ने शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में शीघ्र चारदीवारी निर्माण, जर्जर भवन की मरम्मत तथा अतिरिक्त शौचालय का निर्माण कराया जाए. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा पर पड़ेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >