– धावा दल ने अबतक किया 816 छापेमारी व निरीक्षण कटिहार समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने रविवार को कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. डीएसओ ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर 20 मार्च से अबतक कुल 1126 शिकायत दर्ज की गयी है. जिसमें 1124 शिकायतों का निष्पादन किया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन की ओर से गठित धावा दल की ओर से अबतक 816 छापेमारी व निरीक्षण किया गया है. डीएसओ ने पत्रकारों के साथ एलपीजी गैस की मौजूदा स्थिति को साझा करते हुए बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स है. जिसमें घरेलु उपभोक्ताओं के लिए रविवार को कुल 13980 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा शनिवार को घरेलू गैस की बुकिंग 5727 के विरूद्ध 6423 गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गयी है. साथ ही सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 1323 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध है. मांग के अनुरूप गैस सिलिंडर की आपूर्ति उन्होंने दावा किया कि कटिहार जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध है. जिलान्तर्गत घरेलू गैस सिलिंडर के खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों के द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त डाटा के अनुसार रविवार को कुल 13980 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. लगातार निगरानी किये जाने का दावा डीएसओ ने बताया कि केन्द्र सरकार के अलावे भी राज्य स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति व वितरण की गहन निगरानी की जा रही है. ताकि गैसों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलिंडर की बिक्री न हो सके. डीएसओ ने कहा कि तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाले कठिनाईयों के निदान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाईन नम्बर -06452-239025 एवं 239026 जारी किया गया है. प्रेस कांफ्रेंस में सहायक आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद थे.
घबराएं नहीं, एजेंसी के पास है 13980 एलपीजी गैस सिलिंडर : डीएसओ
घबराएं नहीं, एजेंसी के पास है 13980 एलपीजी गैस सिलिंडर : डीएसओ
