कोढ़ा जिला पशुपालन विभाग द्वारा सोमवार को सूकर विकास योजना अंतर्गत लाभुकों के बीच सूकर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया. कोढ़ा प्रखंड के 25, बरारी के 12, कुर्सेला के 1 और समेली प्रखंड के 1 लाभुक समेत कुल 39 चयनित लाभुकों को 2 मादा एवं 1 नर सूकर प्रदान किए गए. सभी लाभुकों को यह सुविधा 90 प्रतिशत अनुदानित दर पर उपलब्ध कराया. कोढ़ा प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय में आयोजित वितरण कार्यक्रम में कुल 28 किसानों के बीच सूकर शावकों का वितरण किया. किसान कुंजल हेमरम, मीरा देवी, रघुनंदन हेमरम, ललिता देवी, ताला मोय मुरमुर, संदीप कुमार उरांव और रमेश मुंडा समेत कई लाभुक शामिल रहे. जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार मेहता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उनके साथ भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी डॉ. पढ़न कुमार, कोढ़ा प्रखंड के प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार, बरारी के डॉ. मुकेश कुमार, समेली के डॉ. राजेश कुमार सिंह एवं कुर्सेला प्रखंड के डॉ. मुकेश कुमार भी उपस्थित थे. डॉ. मेहता ने बताया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और पशुपालन के जरिए उनकी आय को दोगुना करना है. सूकर पालन एक लाभकारी व्यवसाय है, जिसे वैज्ञानिक पद्धति से अपनाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं. उन्होंने लाभुकों से लाभ उठाने की अपील की. लाभुक किसानों ने सरकार और विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर अनुदानित दर पर सूकर उपलब्ध कराना उनके लिए सुनहरा अवसर है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विभाग समय-समय पर प्रशिक्षण, टीकाकरण और तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराता रहेगा ताकि चयनित लाभुक योजना का अधिकतम लाभ उठा सकें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
