उधार के रुपये मांगने पर विवाद, जेवर चोरी और मारपीट का आरोप; पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार

कटिहार जिले के फलका में उधार दिए गए पैसों की मांग विवाद में बदल गई. आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने जेवर चुराए, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

कटिहार के फलका से अली अहमद की रिपोर्ट

फलका. कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के सालेहपुर गांव में उधार दिए गए रुपये की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जेवर चोरी, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया है. पीड़ित इस्तियाक साह ने पड़ोसी परिवार के खिलाफ फलका थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

उधार के 15 हजार रुपये नहीं लौटाने का आरोप

आवेदन में इस्तियाक साह ने बताया कि उनकी पड़ोसी नूरजहां खातून ने अपने भाई अमजद को देने के लिए उनसे 15 हजार रुपये उधार लिए थे. भरोसा दिलाया गया था कि सऊदी अरब से पैसे आते ही पूरी राशि लौटा दी जाएगी. लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए.

जेवर चोरी का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि रुपये देने के दौरान नूरजहां को यह जानकारी हो गई थी कि उनके घर के बक्से में करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर रखे हुए हैं. आरोप है कि नूरजहां ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर घर से जेवर चोरी कर लिए. जब उनकी पत्नी ने बक्सा खोला तो जेवर गायब मिले.

विरोध करने पर मारपीट और धमकी

इस्तियाक साह के अनुसार, जब उन्होंने और उनके परिजनों ने इस संबंध में आरोपितों से पूछताछ की तो सभी लोग आक्रामक हो गए. आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके, उनकी पत्नी, बहन और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की. महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.

पंचायत में नहीं निकला समाधान

पीड़ित ने बताया कि मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. इसके बाद उन्होंने न्याय की मांग को लेकर फलका थाना में लिखित आवेदन दिया और आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने कहा. जांच के बाद होगी कार्रवाई

फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >