फोटो कैप्शन- महिला वीडियो बनाती हुई | Prabhat Khabar Network

कटिहार: मनिहारी में गंगा की बाढ़ से जलमग्न हुआ आशियाना, महिला ने वीडियो बनाकर नेताओं पर फोड़ा गुस्सा; बोलीं—'चुनाव में वोट मांगने आएंगे तो सिखाएंगे सबक'

कटिहार में गंगा नदी की बाढ़ ने तबाही मचाई है. धुरियाही पंचायत की महिला पूजा देवी ने वीडियो जारी कर स्थानीय नेताओं की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि वोट के समय घर-घर आते हैं, पर मुसीबत में कोई मदद को नहीं आता.

कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत गंगा नदी की बाढ़ ने तटवर्ती इलाकों में भीषण तबाही मचा रखी है. धुरियाही पंचायत के वार्ड संख्या दो में स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी है, जहां दर्जनों परिवारों के घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है.

इसी बीच गांव की रहने वाली एक पीड़ित महिला पूजा देवी का दर्द और आक्रोश एक स्वनिर्मित वीडियो के जरिए सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला ने जलमग्न घरों की दुर्दशा दिखाते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता पर तीखे सवाल खड़े किए हैं.

चापाकल डूबा, दूषित पानी पीने की मजबूरी

वायरल वीडियो में पूजा देवी अपने घुटने भर पानी में डूबे टिन और खपरैल के घर को दिखाते हुए अपनी पीड़ा बयां कर रही हैं. घर के भीतर रखा सारा अनाज, बिस्तर और बर्तन पानी में तैर रहे हैं.

महिला का कहना है कि घर का एकमात्र चापाकल (हैंडपंप) पूरी तरह गंदे पानी में डूब चुका है, जिससे परिवार के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है और वे वही दूषित पानी छानकर पीने को विवश हैं. चारों तरफ रास्तों पर कई फीट पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो चुका है.

'वोट के समय घर-घर आते हैं, मुसीबत में मुंह मोड़ा'

पीड़ित महिला का सीधा आक्रोश स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ फूटा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में इतनी भीषण त्रासदी आने के बावजूद मुखिया, सरपंच या पंचायत स्तर का कोई भी प्रतिनिधि मदद तो दूर, ग्रामीणों को सांत्वना देने तक नहीं पहुंचा.

पूजा देवी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब चुनाव का वक्त आता है तो यही नेता हाथ जोड़कर दरवाजे-दरवाजे घूमते हैं, लेकिन आज जब पूरा परिवार बेघर होकर पानी में खड़ा है, तो किसी को खोज खबर लेने की फुर्सत नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि आने वाले चुनाव में ऐसे जनप्रतिनिधियों को जनता अपने वोट से कड़ा जवाब देगी.

प्रशासन से त्वरित राहत और शुद्ध पेयजल की मांग

धुरियाही पंचायत के स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण केवल वार्ड दो ही नहीं, बल्कि आसपास के कई टोले बाढ़ की चपेट में हैं. सड़कों के डूबने से बीमारों और बच्चों को सुरक्षित स्थानों तक ले जाना चुनौतीपूर्ण हो गया है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और मनिहारी अंचल अधिकारी से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल प्लास्टिक शीट्स, सूखा राशन और सबसे पहले क्लोरीन की गोलियों के साथ शुद्ध पेयजल के जार उपलब्ध कराए जाएं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >