– स्कूल बैग बिहार से गरीबी, अशिक्षा व बेरोजगारी खत्म करने का रास्ता – पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता में चुनाव आयोग द्वारा स्कूल बैग चुनाव चिन्ह दिये जाने का किया स्वागत कटिहार जनसुराज के जिला अध्यक्ष मंसूर आलम ने कहा कि जन सुराज पार्टी के पांच संकल्पों में पहली प्राथमिकता बिहार के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है. इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने चुनाव आयोग से चुनाव चिन्ह स्कूल बैग की मांग की थी. जिसे आयोग ने स्वीकार कर लिया है. जन सुराज के सभी 243 प्रत्याशी स्कूल बैग के चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगे. अब हमारे संगठन का लक्ष्य अगले तीन महीने में पार्टी के चुनाव चिन्ह को हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंचाना होगा. बिहार को बदहाली से बाहर निकालने का रास्ता शिक्षा यानि स्कूल बैग है. आज हम सभी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हर घर तक पार्टी का चुनाव चिन्ह स्कूल बैग पहुंचाने का संकल्प लिया है. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रणव कुमार ने कहा कि स्कूल बैग सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं है. यह पार्टी के मुख्य विचारों को दर्शाता है कि लोगों को अपने बच्चों के चेहरे को देखकर वोट देना चाहिए न कि नेताओं के चेहरे को देखकर. बिहार के बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट देना चाहिए. क्योंकि शिक्षा अर्थात स्कूल का बस्ता ही बिहार से गरीबी और बेरोजगारी को खत्म करने का एकमात्र उपाय है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला महिला अध्यक्ष सैयदा नुजहत मंजूर, जिला अध्यक्ष मंसूर आलम, चंदन झा जिला उपाध्यक्ष, नसीम अख्तर प्रमंडल प्रभारी, प्रणव सिंह, सोनू सिंह युवा जिलाध्यक्ष, संजय निषाद व अन्य नेता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
