भौनगर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, विभिन्न विभागों ने मौके पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

बलिया बेलौन के ग्राम पंचायत भौनगर में आयोजित पंचायत सहयोग शिविर ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल की. विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लगे अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदनों का निपटारा किया.

बलिया बेलौन से तबस्सुम यजदानी की रिपोर्ट.

बलिया बेलौन. मुख्य सचिव, बिहार सरकार के निर्देश एवं जिला पदाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को ग्राम पंचायत भौनगर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं सुलभ समाधान के उद्देश्य से पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का संचालन पंचायत के मुखिया सत्यनारायण यादव की देखरेख में हुआ.

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान पर रहा जोर

मुखिया सत्यनारायण यादव ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग शिविर से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर आसानी से समाधान हो रहा है. उन्होंने इसे बिहार सरकार की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं.

शिविर में प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण कर उन्हें सेवा संवाद समाधान पोर्टल पर अपलोड किया गया. जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव था, उनका मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा.

विभिन्न विभागों के लगाए गए स्टॉल

शिविर में पंचायती राज विभाग, अंचल कार्यालय, श्रम संसाधन विभाग, मनरेगा, नल-जल योजना, जन वितरण प्रणाली, सांख्यिकी विभाग, मेडिकल कैंप, स्वच्छता विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे. सभी स्टॉलों पर तैनात कर्मियों ने लोगों के आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया.

कार्यपालक सहायक को नोडल कर्मी तथा पंचायत सचिव को शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वहीं राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार, आवास सहायक, रोजगार सेवक, विकास मित्र, आशा कार्यकर्ता एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक ने भी शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई.

शिविर में वरीय उपसमाहर्ता शशि भूषण शशि, सहायक निदेशक बाल संरक्षण रविशंकर तिवारी, कदवा बीडीओ प्रेम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >