कटिहार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध व वैश्विक तनाव का असर अब कटिहार जिले में भी दिखने लगा है. भले ही सीधे तौर पर भारत किसी युद्ध में शामिल नहीं है. लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का प्रभाव आमलोगों की दैनिक जिंदगी पर पड़ने लगा है. अब छोटे शहरों तक भी पहुंच गया है. कटिहार जिले में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. जिले के कई इलाकों में लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों की बात तो दूर है शहरी इलाकों में भी उपभोक्ता गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हो रहे हैं. कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. उपभोक्ता घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं. उपभोक्ताओं ने कहा, पहले जहां आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो जाता था. कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है. सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ता मनोज कुमार मंडल ने बताया कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए टोल फ्री नंबर भी काम नहीं कर रहा हैं. लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. उपभोक्ता सोनी देवी, राधिका देवी, बबलू कुमार, श्वेता देवी, साजन उरांव का कहना था कि 10 दिन पहले ही गैस का नंबर लगा है. लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई है. बताया जा रहा है की एजेंसी में सिलेंडर की आपूर्ति कम हो रही है. समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है. शहर के कई मोहल्लों में गैस की कमी की शिकायत सामने आ रही है. गृहिणियों को रसोई चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है. अचानक बढ़ी मांग और आपूर्ति में आई कमी के कारण स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है. लोगों में चिंता और नाराजगी भी देखने को मिल रही है. उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाय. ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. गैस एजेंसियों के संचालकों का कहना है कि फिलहाल आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आ रही हैं. जैसे ही आपूर्ति सामान्य होगी. स्थिति भी जल्द ही बेहतर हो जायेगी. उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है. रानी सती गैस एजेंसी की हालत सबसे खराब शहर के दुर्गा स्थान न्यू मार्केट रोड स्थित रानी सति गैस एजेंसी की हालत सबसे खराब है. यहां सुबह से लोगों की भीड़ इसलिए लगी रही कि दस दिन पहले नंबर लगाने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गयी है. उपभोक्ताओं ने कहा, एजेंसी में कोई भी जवाबदेही वाला व्यक्ति नहीं बैठते है न ही फोन लगता है. ऐसे में उपभोक्ता खासे परेशान हो रहे हैं.
कटिहार में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ी अफरा-तफरी, उपभोक्ता परेशान
कटिहार में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ी अफरा-तफरी, उपभोक्ता परेशान
