सीमांचल व कटिहार के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस व साइबर सिक्योरिटी जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से युवा लेखक एवं इंजीनियर जिशान अली की पुस्तक नो आइआइटी रिक्कॉवर्ड, कम्पलिट योर केरियर पुस्तक का लोकार्पण किया गया. धूमनगर निवासी जिशान अली वर्तमान में कतर की एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत हैं. आकर्षक वेतन प्राप्त कर रहे हैं. इसके बावजूद उनका मन और आत्मा हमेशा अपने क्षेत्र सीमांचल एवं कटिहार के विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर चिंतित रहती है. उनका मानना है कि आज के दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीकी कौशल ही सफलता की कुंजी हैं. पुस्तक का लोकार्पण करते समय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
पुस्तक में एआई डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी व वैश्विक रोजगार के अवसरों की दी है जानकारी
एआई डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी तथा वैश्विक रोजगार अवसरों की जानकारी दी गई. कार्यक्रम में लेखक जिशान अली, गैप डिफेंस स्कूल के निदेशक जावेद आलम, शैक्षणिक निदेशक डॉ तहसीन फातमा, शिक्षाविद बादल शहबाज, पूर्व मुखिया सऊद साहब, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. संबोधन में जावेद आलम ने कहा कि 21वीं सदी में रोजगार के अवसर तेजी से बदल रहे हैं. विद्यार्थियों को नई तकनीकों, संचार कौशल, समस्या समाधान और डिजिटल दक्षता पर विशेष ध्यान देना होगा. डॉ तहसीन फातमा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी उचित मार्गदर्शन और मेहनत के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं. जिशान अली ने कहा कि उनकी पुस्तक का उद्देश्य छोटे शहरों और गांवों के विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाना है कि सफलता के लिए केवल आइआइटी ही एकमात्र रास्ता नहीं है. सही कौशल, निरंतर सीखने की इच्छा और स्पष्ट करियर रोडमैप के माध्यम से कोई भी युवा एआई डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट करियर बना सकता है. कार्यक्रम में गैप सोसाइटी एवं जिशान अली द्वारा शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई. उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि यह पहल सीमांचल के हजारों युवाओं को आधुनिक रोजगार अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.