मुंबई से उड़ाई 6 लाख और 2.60 लाख की घड़ी... कटिहार पहुंची महाराष्ट्र पुलिस तो उड़े गांव वालों के होश; आरोपी फरार

मुंबई में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदातों का तार कटिहार के कचना थाना क्षेत्र से जुड़ गया है. मुंबई पुलिस ने कचना पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक घर से 8.60 लाख रुपये की दो महंगी घड़ियां बरामद कीं. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी फरार हो गया.

कटिहार, बारसोई. मुंबई में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का तार बारसोई के कचना थाना क्षेत्र से जुड़ गया है. चोरी के मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस गुरुवार को कचना पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से जोकलबाड़ी गांव में छापेमारी की. संयुक्त कार्रवाई में एक घर से चोरी की दो महंगी घड़ियां बरामद की गयीं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 8 लाख 60 हजार रुपये बतायी गयी है. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही संबंधित आरोपित मौके से फरार हो गया.

मुंबई पुलिस की सूचना पर कचना में हुई छापेमारी

कचना थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि मुंबई के माता रमाबाई अंबेडकर मार्ग थाना में दर्ज कांड संख्या 101/2026 के अनुसंधान के सिलसिले में मुंबई पुलिस की टीम कचना थाना पहुंची थी. मुंबई पुलिस से मिली जानकारी और मामले से जुड़े सुरागों के आधार पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर जोकलबाड़ी गांव में छापेमारी की गयी.

इरशाद और जावेद कलवा के घर से मिली घड़ियां

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान इरशाद और जावेद कलवा के घर से चोरी की दोनों घड़ियां बरामद की गयीं. बरामद घड़ियों में एक की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये, जबकि दूसरी की कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये बतायी गयी है. दोनों घड़ियों की कुल कीमत 8 लाख 60 हजार रुपये आंकी गयी है.

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपित

संयुक्त पुलिस टीम की अचानक हुई कार्रवाई से गांव में हलचल मच गयी. हालांकि संबंधित आरोपित पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मौके से निकलकर फरार हो गया. पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

चोरी के मामले में अहम कड़ी मानी जा रही बरामदगी

मुंबई में दर्ज चोरी के मामले की जांच के दौरान बरामद हुई दोनों महंगी घड़ियों को पुलिस अहम सुराग मान रही है. हजारों किलोमीटर दूर हुई चोरी की जांच के दौरान बारसोई के कचना क्षेत्र तक पुलिस के पहुंचने से मामले में अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच आगे बढ़ रही है.

फरार आरोपित तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस बरामद घड़ियों के साथ-साथ फरार आरोपित की भूमिका की भी जांच कर रही है. संबंधित व्यक्ति के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मुंबई की चोरी की वारदात में बरामद घड़ियां किस तरह कचना क्षेत्र तक पहुंचीं और इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरविंद गुप्ता

अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >