आजमनगर आजमनगर- गायघट्टा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन जर्जर होती जा रही है. जिससे आमलोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. करीब 13 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण वर्ष 2021 में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा कराया गया था. निर्माण कार्य की जिम्मेदारी त्रिमूर्ति कंस्ट्रक्शन को दी गई थी. वर्तमान में यह सड़क मेंटेनेंस अवधि के अंतर्गत ही है. सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं.आवागमन करना मुश्किल हो गया है. दोपहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वाले लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर तो गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है. लोगों ने कहा, चार महीने पहले सड़क पर मेंटेनेंस कार्य कराया था. वह केवल खानापूर्ति साबित हुआ. गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया. कई जगहों को नजरअंदाज कर दिया. परिणामस्वरूप, सड़क की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ और आज भी वही समस्याएं बनी हुई हैं. ग्रामीणों में इसको लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है. कहा, सड़क अभी मेंटेनेंस अवधि में है तो फिर विभाग द्वारा सही तरीके से मरम्मत कार्य क्यों नहीं कराया जा रहा है. लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या विभाग इस मामले को नजरअंदाज कर रहा है या फिर कहीं न कहीं निर्माण और मेंटेनेंस कार्य में अनियमितता हुई है. राहगीरों व स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाएं बढ़ सकती हैं.
आजमनगर कुशिदा मुख्य सड़क जर्जर, लोगों को आवागमन में परेशानी
आजमनगर कुशिदा मुख्य सड़क जर्जर, लोगों को आवागमन में परेशानी

आजमनगर कुशिदा मुख्य सड़क जर्जर, लोगों को आवागमन में परेशानी