सदर अस्पताल से ई-रिक्शा उड़ाने की कोशिश, चालक की सूझबूझ से चोर धराया

सदर अस्पताल से ई-रिक्शा उड़ाने की कोशिश, चालक की सूझबूझ से चोर धराया

– पुलिस के हवाले किया कटिहार सदर अस्पताल परिसर में शनिवार को ई-रिक्शा चोरी कर रहे चोर को रंगे हाथो धर दबोचा गया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने पहले चोर की जमकर पिटाई कर दी. बाद में अस्पताल प्रबंधन के हस्तक्षेप से आरोपित को भीड़ से छुड़ाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया. चोर को और किसी ने नहीं बल्कि टोटो चालक ही धर दबोचा. रामपाड़ा मोहल्ला निवासी ई-रिक्शा चालक सोनू शनिवार दोपहर एक मरीज को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे. उन्होंने अपना ई-रिक्शा अस्पताल परिसर के पार्किंग स्थल के पास खड़ा कर मरीज को अंदर छोड़ने चला गया. जब वे मरीज को छोड़कर वापस लौटे तो देखा कि एक युवक उनके ई-रिक्शा पर बैठा हुआ है. शक होने पर सोनू कुछ दूरी पर खड़े होकर उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखा. इसी दौरान युवक ने ई-रिक्शा का पहले लॉक तोड़ दिया. उसे स्टार्ट भी कर लिया. कुछ देर बाद वह ई-रिक्शा से उतरकर इधर-उधर टहलने लगा. जब उसे लगा कि कोई देख नहीं रहा है तो वह फिर से वाहन के पास पहुंचा और ई-रिक्शा लेकर भागने ही वाला था कि तभी ईरिक्शा मालिक सोनू ने उसे दबोच लिया. शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग भी वहां पहुंच गये. आरोपित की पिटाई कर दी. पकड़े गए युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के महमूद चौक निवासी गोल्डन के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने दावा किया कि वह ई-रिक्शा चोरी नहीं कर रहा था. बल्कि केवल उस पर बैठा हुआ था. उसने खुद को पेशे से मैकेनिक बताते हुए कहा कि वह दुर्गा स्थान स्थित टिंकू गैराज में काम करता है. अस्पताल आने के कारण के बारे में पहले उसने घूमने की बात कही. फिर बयान बदलते हुए कहा कि उसके बच्चे को कुत्ते ने काट लिया था. इलाज के बारे में जानकारी लेने आया था. उसकी बातों पर लोगों को शक हुआ और मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने किसी तरह भीड़ को शांत कराया. आरोपित को लोगों से छुड़ाकर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. गौरतलब है कि सदर अस्पताल परिसर में इससे पहले भी आठ से अधिक ई-रिक्शा चोरी हो चुकी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >