सहयोग शिविर, 30 दिनों में समस्याओं के समाधान का भरोसा

सहयोग शिविर, 30 दिनों में समस्याओं के समाधान का भरोसा

बहरखाल पंचायत में लगाया गया सहयोग शिविर कोढ़ा प्रखंड के बहरखाल पंचायत में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया. यह शिविर पंचायत सरकार भवन, बहरखाल में आयोजित हुआ. बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे. शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निवारण करना और लोगों को प्रशासन से सीधे जोड़ना था. शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें. प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि शिविर में दर्ज सभी शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जायेगा. पहल से ग्रामीणों में उत्साह दिखा. अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी. बीडीओ कोढ़ा राजकुमार पंडित विशेष रूप से उपस्थित रहे. कहा, सरकार की मंशा है कि ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, बल्कि उनके पंचायत स्तर पर ही समाधान उपलब्ध हो. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लें और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें. शिविर में बहरखाल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा भी मौजूद रहे. उन्होंने पंचायतवासियों से अपील की वे इस तरह के शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखें. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार की पहल से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता आती है. शिविर के दौरान राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, भूमि विवाद, शौचालय निर्माण, बिजली एवं पानी जैसी मूलभूत समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए. संबंधित विभागों के कर्मियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया. जबकि शेष मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब पंचायत स्तर पर ही समाधान मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >