बालूपाड़ा में कटावरोधी कार्य युद्धस्तर पर जारी, 10 जून तक पूरा करने का लक्ष्य
Copied link
नदी के लगातार कटाव से ईदगाह से मदरसा एवं विधोर गांव जाने वाले मार्ग के साथ-साथ आसपास की आबादी और कृषि भूमि पर मंडरा रहा खतरा होगा कम
95 लाख की लागत से हो रहा काम
बारसोई. बारसोई प्रखंड के चांदपाड़ा पंचायत के बालूपाड़ा क्षेत्र में महानंदा नदी के कटाव से वर्षों से जूझ रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है. नदी के लगातार कटाव से ईदगाह से मदरसा एवं विधोर गांव जाने वाले मार्ग के साथ-साथ आसपास की आबादी और कृषि भूमि पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए जल संसाधन विभाग 95 लाख रुपये की लागत से कटावरोधी कार्य युद्धस्तर पर करा रहा है. कार्य की प्रगति देखकर ग्रामीणों में खुशी है. शनिवार को जल संसाधन विभाग के एसडीओ दीपक कुमार, जेई रजी अहमद, संवेदक विवेक झा, चांदपाड़ा पंचायत के मुखिया नाजिम, उपसरपंच असलम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्य स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया तथा निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये.
25 मई 2026 से हो रहा कार्य
एसडीओ दीपक कुमार व जेई रजी अहमद ने बताया कि मानसून को देखते हुए कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है. 25 मई 2026 से शुरू हुए इस कटावरोधी कार्य को 10 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि विभाग गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा. समय पर कार्य पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि निर्माण स्थल पर वर्तमान में 22 ट्रैक्टर, दो जेसीबी एवं एक पॉकलेन मशीन लगातार कार्यरत है. इससे मिट्टी भराई व सुरक्षा संरचना निर्माण का कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है. नदी किनारे मजबूत सुरक्षा तटबंध तैयार किये जाने से कटाव पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में कटाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी. हर वर्ष बरसात के दौरान ग्रामीणों को अपनी जमीन, घर और सड़क बचाने की चिंता सताती थी. बलरामपुर विधायक संगीता देवी के प्रयास से यह महत्वपूर्ण योजना स्वीकृत हुई. इससे हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
बोले जिला परिषद सदस्य
जिला परिषद सदस्य अबुल हसन अंसारी ने कहा कि बालूपाड़ा में कटावरोधी कार्य अत्यंत आवश्यक था. समय रहते कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार बरसात में उन्हें कटाव की विभीषिका का सामना नहीं करना पड़ेगा.
राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.