कटिहार सदर अस्पताल के सभागार में सोमवार को नियमित टीकाकरण से संबंधित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया. जिले में नव-नियुक्त एएनएम को टीकाकरण से जुड़ी आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी दी गयी. उद्देश्य जमीनी स्तर पर टीकाकरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य को हासिल करना है. प्रशिक्षण में बतौर प्रशिक्षक के रूप में डॉ जहांगीर, यूनिसेफ से चंद्रविभा तथा यूएनडीपी से सुधीर मिश्रा शामिल रहे. प्रशिक्षकों द्वारा एएनएम को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की बारीकियों से अवगत कराया गया. इस दौरान कोल्ड चैन प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया. ताकि टीकों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सुरक्षित ढंग से उनका भंडारण और परिवहन सुनिश्चित किया जा सके. प्रशिक्षण सत्र में टीकाकरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, लाभार्थियों की पहचान, टीकाकरण सत्र के संचालन, टीकाकरण के बाद निगरानी एवं रिपोर्टिंग की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गयी. साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित संबंधित पोर्टल पर टीकाकरण से जुड़ी सूचनाओं के ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया को भी चरणबद्ध तरीके से समझाया गया. प्रशिक्षकों ने बताया कि समय पर और सही डाटा अपलोड होने से न केवल विभागीय निगरानी मजबूत होती है. बल्कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायता मिलती है. प्रशिक्षण के दौरान एएनएम ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखी. जिनका समाधान प्रशिक्षकों द्वारा किया गया. प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि नियमित टीकाकरण के माध्यम से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है. स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि प्रशिक्षित एएनएम के माध्यम से गांव-गांव तक टीकाकरण सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंचे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
