Katihar News: कटिहार के अमदाबाद प्रखंड में गंगा और महानंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. कई पंचायतों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है और सैकड़ों परिवार सुरक्षित जगहों की तलाश में घर छोड़ने को मजबूर हैं. स्थिति यह है कि जिन सड़कों पर लोग शरण लेकर रह रहे थे, अब वहां भी तेज बहाव के साथ बाढ़ का पानी बहने लगा है.
दुर्गापुर, चौकिया पहाड़पुर, भवानीपुर खट्टी, पार दियारा, बैदा, जंगलाटाल, लखनपुर, पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी करीमुल्लापुर समेत कई पंचायतों में बाढ़ का पानी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. बैदा पंचायत के मोहम्मद जर्जिस भी परिवार के साथ घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर जाते मिले. उन्होंने बताया कि पानी आंगन तक पहुंच गया है और अब घर में रहना मुश्किल हो गया है.
जलेबी टोला में सड़क भी डूबी, मचान पर कट रही रात
सबसे खराब स्थिति जलेबी टोला की बतायी जा रही है. यहां बाढ़ प्रभावित परिवार हरदेव टोला से प्रखंड मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क पर शरण लिये हुए थे. अब इस सड़क पर भी तेज बहाव के साथ पानी चल रहा है. ऐसे में लोग सड़क के ऊपर चौकी और मचान बनाकर रहने को मजबूर हैं.
छोटे बच्चों के साथ रह रहे परिवारों में लगातार डर बना हुआ है. बाढ़ पीड़ित गीतिया देवी, जोखिया देवी और फूलमती देवी ने बताया कि वे करीब एक सप्ताह से सड़क पर रह रही हैं. पिछले तीन-चार दिनों से सड़क पर भी पानी बह रहा है. चौकी के नीचे से तेज धार गुजर रही है, जिससे रात में सोना मुश्किल हो गया है.
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा डर बच्चों को लेकर है. अगर रात में कोई बच्चा पानी में गिर गया तो उसे बचाना मुश्किल होगा.
राहत सामग्री नहीं मिलने से बढ़ी नाराजगी
बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि अब तक उन्हें पॉलिथीन शीट, सूखा राशन या सुरक्षित स्थान पर बसाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली है. जिला पदाधिकारी के निर्देश के चार दिन बाद भी कई टोलों में राहत सामग्री नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी है.
ऐसे में बाढ़ प्रभावित परिवार प्रशासन से तत्काल सुरक्षित स्थान, भोजन और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं.
Katihar News: समाजसेवी ने 100 परिवारों को बांटा सूखा राशन
इधर पूर्वी करीमुल्लापुर के समाजसेवी शेख मसवार ने जलेबी टोला के बाढ़ पीड़ितों की स्थिति को देखते हुए बुधवार को अपने निजी खर्च से करीब 100 परिवारों के बीच सूखा राशन किट वितरित किया. किट में चूड़ा, गुड़, मोमबत्ती और माचिस समेत जरूरी सामान शामिल था.
शेख मसवार ने बताया कि पूरे प्रखंड में अब तक करीब 1000 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत किट का वितरण किया जा चुका है और जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाने का प्रयास जारी है.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
