एमडीएम में सड़ा आलू परोसे जाने का आरोप, विद्यालय में अभिभावकों का हंगामा

एमडीएम में सड़ा आलू परोसे जाने का आरोप, विद्यालय में अभिभावकों का हंगामा

– जांच कर कार्रवाई का आश्वासन, बीइओ ने मांगी रिपोर्ट बारसोई नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सुरेंद्र नाथ साह प्राथमिक विद्यालय, कुररियार टोला मौलानापुर में शनिवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में सड़े हुए आलू की सब्जी परोसे जाने के आरोप को लेकर अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा एवं प्रदर्शन किया. घटना को लेकर कुछ देर तक विद्यालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति बनी रही. विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे एमडीएम भोजन में सड़े आलू उपयोग किए जाने की सूचना जैसे ही अभिभावकों को मिली, क्षेत्र में यह खबर तेजी से फैल गई. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और प्रधानाध्यापक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया. अभिभावक शिव शाह, दिनेश शाह, गोपाल शाह एवं रोहिण दास सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बरती जा रही है. उन्होंने कहा कि एमडीएम में घटिया एवं सड़े खाद्य सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जाता है. बच्चों की उपस्थिति भी जबरन शत-प्रतिशत दर्शाने का आरोप लगाया गया. ग्रामीणों ने एसडीओ से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह एवं राजेश पासवान विद्यालय पहुंचे और आक्रोशित अभिभावकों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. बीईओ मुमताज अहमद से दूरभाष पर संपर्क कर मामले की जांच कराने की मांग की गई. विद्यालय के प्रधानाध्यापक आरिफीन ने लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि एमडीएम संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है. इधर,बईओ मुमताज अहमद ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। एमडीएम प्रभारी को तत्काल जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >