फलका फलका प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ी चातर में एक छात्रा के फर्जी नामांकन और स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट जारी करने का मामला सामने आया है. प्रभारी प्रधानाध्यापक पर कोरोना काल की बैक डेट में नामांकन करने का आरोप लगा है. शिकायत के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. बीडीओ सह बीईओ ने जांच के आदेश दिए हैं. क्या है पूरा मामला मध्य विद्यालय मोरसंडा के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुमन कुमार भारती ने विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है. शिकायत के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ी चातर के तत्कालीन प्रभारी एचएम सुमन कुमार भारती का तबादला 30 दिसंबर 2022 को मोरसंडा होने के बाद विद्यालय का प्रभार वर्तमान प्रभारी एचएम राजीव कुमार दास को सौंपा गया था. आरोप है कि इसके बाद प्रभारी एचएम राजीव कुमार दास ने खुशी कुमारी, पिता- नवीन साह, ग्राम व पोस्ट- मोरसंडा, थाना- फलका का नामांकन विद्यालय के नामांकन पंजी में 08 जुलाई 2020 की बैक डेट में दर्ज कर दिया. शिकायतकर्ता का कहना है कि उस समय कोरोना महामारी के कारण सभी विद्यालय बंद थे और उस दौरान ऐसा कोई नामांकन नहीं हुआ था. ऐसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा मामले का खुलासा 02 अप्रैल 2026 को हुआ जब उक्त छात्रा का स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट जारी किया गया. छात्रा और उसके पिता जब इस एसएलसी के आधार पर मध्य विद्यालय मोरसंडा में सातवीं कक्षा में नामांकन कराने पहुंचे तो वहां के प्रभारी एचएम सुमन कुमार भारती को संदेह हुआ. रिकॉर्ड की जांच और अपने कार्यकाल के दस्तावेजों का मिलान करने पर पता चला कि उनके कार्यकाल में ऐसा कोई नामांकन नहीं हुआ था. आरोप है कि बिना ‘अपार आईडी’ की जांच किए नियमों को दरकिनार कर प्रमाण पत्र तैयार किया गया. इतना ही नहीं, उस प्रमाण पत्र पर बीडीओ सह बीईओ फलका से काउंटर साइन भी करा लिया गया. इस कारण बीडीओ सह बीईओ की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. जांच और कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ता सुमन कुमार भारती ने इसे प्रशासनिक, शैक्षणिक और वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला बताया है. उन्होंने अधिकारियों से छात्रा के अपार आईडी की गहन जांच कराने तथा बैक डेट में फर्जी प्रविष्टि करने वाले प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है. पदाधिकारी बोले: दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई फलका बीडीओ सह बीईओ सन्नी सौरभ ने कहा कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी. जांच में दोषी पाए जाने वाले शिक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फलका: मध्य विद्यालय बड़ी चातर में फर्जी नामांकन व एसएलसी जारी करने का आरोप
फलका: मध्य विद्यालय बड़ी चातर में फर्जी नामांकन व एसएलसी जारी करने का आरोप
