कटिहार. बड़े ही श्रद्धा भाव व उत्साह के साथ बुधवार को महाशिवरात्रि पूजा की जायेगा. पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की तैयारी मंगलवार को अंतिम चरण पर रही. महाशिवरात्रि पूजा को लेकर जहां श्रद्धालुओं में भरपूर उत्साह रहा तो दूसरी तरफ पूजा को लेकर गुरुवार की देर रात तक श्रद्धालु शिव मंदिरों में अपनी अंतिम तैयारी में भी जुटे रहे. शहर के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी है. सभी शिव मंदिरों को बड़े ही आकर्षक रूप से सजाया गया है. रंग-बिरंगी लाइट से सजे मंदिर दूर से ही जगमग कर रहे हैं. महाशिवरात्रि पूजा को लेकर श्रद्धालु पिछले कुछ दिनों से अपनी तैयारी में लगे हुए थे. महाशिवरात्रि पूजा को लेकर शहर के विभिन्न शिव मंदिरों से भगवान शिव की बुधवार शाम बारात भी निकाली जायेगी. जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी. जहां भगवान शिव और मां पार्वती की शादी पूरे विधि विधान के साथ रचाई जायेगी. शिवरात्रि को लेकर शहर के शिव मंदिर चौक स्थित शिव मंदिर, बाटा चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर, नया टोला स्थित खूबेश्वर मंदिर, दौलत राम चौक स्थित शिव मंदिर, हवाई अड्डा चौक स्थित शिव मंदिर, बीएमपी सेवन शिव मंदिर, जीआरपी चौक तथा फुटानी चौक, अनाथालय रोड आदि शहर के सभी छोटे बड़े शिव मंदिरों में मंगलवार की देर रात तक तैयारियां चलती रही. मंदिरों को दुल्हन की तरह चमचमाती रोशनी बिखरती बल्ब व लड़ियों से सजाया गया है. जो काफी सुंदर दिखाई पड़ रहा है. शहर के कई शिव मंदिरों में पूजा कमेटी की ओर से रात्रि जागरण का भी आयोजन किया गया है. जहां स्थानीय और बाहर से आये कलाकार समा बांधेंगे. शहर के अनाथालय रोड में शिव मंदिर में रात्रि जागरण का आयोजन किया जायेगा. जहां बाहर से कलाकार पहुंच रहे हैं. इस रात्रि जागरण में भगवान शिव का तांडव भी श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा. शिवरात्रि के दिन कई श्रद्धालु पूरे दिन उपवास में भी रहेंगे. सर्वप्रथम सुबह भगवान भोलेनाथ को दूध, जल, बेलपत्र, भांग, धतूरा उनके प्रिय सभी सामग्रियों को श्रद्धालु अर्पण करेंगे. तत्पश्चात श्रद्धालु पूरे दिन उपवास में रहेंगे. संध्या फलहार कर इस अनुष्ठान को संपन्न किया जायेगा. पूजा को लेकर बाजार में भी पूजा सामग्री व फलों की खरीदारी को लेकर श्रद्धालुओं की देर शाम तक बाजार में काफी भीड़ रही.
फलों के दामों में रही थोड़ी उछाल
महाशिवरात्रि पूजा को लेकर बाजार में फलों के मूल्य में थोड़ी बहुत उछाल जरूर रही. देर शाम तक श्रद्धालु पूजा को लेकर बाजार में खरीदारी करते दिखे. मंगलवार को बाजार में केला 50 रूपये दर्जन, सेब 120 रु किलो, नारंगी 80 से 100 रु किलो, अंगूर 100 से 120 रु किलो, शकरकंद 40 रु किलो, मिश्रीकंद 40 रु किलो, बेर 50 रु किलो बिके.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
