फलका फलका थाना क्षेत्र के गिरयामा आदिवासी टोला में बीते दिनों अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में फलका पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए इस मामले के एक आरोपित को फिर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फलका थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष रवि कुमार राय के नेतृत्व में गिरयामा आदिवासी टोला में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध पिछले दिनों छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. लोगों द्वारा पुलिस टीम का विरोध करते हुए पथराव एवं हमला कर दिया गया था. हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बारह नामजद एवं करीब एक सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी. घटना के बाद से आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था. इसी कड़ी में बुधवार क़ो पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरयामा निवासी लखन किस्कू को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया. थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को पूर्व में गिरफ्तारी कर जेल भेज दिया गया है. अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने एवं पुलिस बल पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
शराब छापेमारी में पुलिस टीम पर हमला मामले में आरोपित गिरफ्तार
शराब छापेमारी में पुलिस टीम पर हमला मामले में आरोपित गिरफ्तार
