31 मई तक मिशन मोड में चलेगा विशेष अभियान, संकुल समन्वयकों की जवाबदेही तय

संकुल समन्वयकों की जवाबदेही तय

ई-शिक्षाकोष की समीक्षा में खुली पोल, जिले में कक्षा 9वीं का परागमन दर मात्र 52.14 प्रतिशत

कुरसेला, समेली, बारसोई, मनिहारी, हसनगंज एवं बलरामपुर प्रखंडों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक, लापरवाही पर होगी अनुशासनिक कार्रवाई

कटिहार. चालू अकादमिक सत्र 2026-27 में 06-14 आयु वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, मिशन मोड में विशेष अभियान चलाने के साथ-साथ संकुल समन्वयकों की भूमिका व जवाबदेही निर्धारण को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी ने आदेश जारी किया है. डीइओ की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अकादमिक सत्र 2026-27 के लिए प्रत्येक छह से 14 आयु वर्ग के बच्चों का उनके पोषक क्षेत्र के निकटतम विद्यालय में अनिवार्य रूप से नामांकन सुनिश्चित करने के लिए संचालित नामांकन अभियान की अवधि को विभागीय निर्देश के आलोक में 31 मई 2026 तक विस्तारित करते हुए इसे मिशन मोड में संचालित करने का निर्णय लिया गया है. दिनांक 19 मई 2026 की संध्या तक ई-शिक्षाकोष पर अद्यतन की गयी समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार जिला स्तर पर नामांकन की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक है. जिले में कक्षा एक का नामांकन लक्ष्य के सापेक्ष केवल 86.48 प्रतिशत, कक्षा छह का परागमन दर 74.19 प्रतिशत तथा कक्षा नौवीं का परागमन दर मात्र 52.14 प्रतिशत है. विशेष रूप से कुरसेला, समेली, बारसोई, मनिहारी, हसनगंज एवं बलरामपुर प्रखंडों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है. इस विशेष अभियान को गति देने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु संकुल संसाधन केन्द्र समन्वयकों की भूमिका और जवाबदेही स्पष्ट करते हुए कड़ाई से अनुपालन का निर्देश दिया गया है.

संकुल कक्षावार दैनिक प्रतिवेदन

प्रत्येक सीआरसी अपने संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी प्राथमिक, मध्य एवं माध्यमिक विद्यालयों की दैनिक नामांकन रिपोर्ट (कक्षावार ) स्वयं संकलित करेंगे. प्रतिदिन शाम पांच बजे तक अपने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अद्यतन प्रगति रिपोर्ट सौंपना सुनिश्चित करेंगे. आदेश में कहा गया है कि कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर के समन्वयक अपने संकुल क्षेत्र के विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे गृहवार सर्वेक्षण का स्वयं स्थल पर जाकर नेतृत्व करेंगे. पोषक क्षेत्र में कोई भी बच्चा (6-14 आयु वर्ग) अनामांकित या आउट ऑफ स्कूल नहीं छूटना चाहिए. इसकी अंतिम जिम्मेदारी संबंधित सीआरसी की होगी.

शून्य ड्रॉपआउट के लिए परागमन ट्रैकिंग

डीइओ ने अपने इस आदेश में कहा है कि वर्ष 2025-26 में संकुल के विद्यालयों से कक्षा पांच उत्तीर्ण करने वाले शत-प्रतिशत बच्चों का कक्षा छह तथा कक्षा आठ उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा नौवीं में नामांकन सुनिश्चित कराने के लिए सीआरसीसी विद्यालयवार मैपिंग करेंगे. जो बच्चे अभी तक नामांकित नहीं हुए हैं. उनके अभिभावकों से संपर्क कर उनका नामांकन करायेंगे.

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश

जिन विद्यालयों में लक्ष्य के अनुरूप नामांकन अत्यंत कम है. सीआरसीसी वहां व्यक्तिगत रूप से विशेष चौपाल या अभिभावक बैठक का आयोजन प्रधानाध्यापक के सहयोग से करेंगे. डीइओ ने आदेश में यह भी कहा है कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड के अंतर्गत सभी संकुल समन्वयकों के साथ दैनिक बैठक करेंगे तथा कमजोर प्रदर्शन करने वाले संकुलों को चिन्हित कर संबंधित सीआरसीसी से स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए जिला कार्यालय को अनुशंसित करेंगे.

लक्ष्य प्राप्त नहीं होने पर कार्रवाई

डीइओ ने निर्देश दिया है कि दिनांक 31 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाते हुए अनिवार्य रूप से लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे. निर्धारित समयावधि के अंदर लक्ष्य प्राप्त नहीं होने की स्थिति में शिथिलता बरतने वाले सभी संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने व कराने की अनुशंसा करने की बाध्यता होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >