पतंग उतारने में बिजली की चपेट में आया किशोर, झुलसा

पतंग उतारने में बिजली की चपेट में आया किशोर, झुलसा

कोढ़ा प्रखंड के कोलासी गांव में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पतंग उतारने के दौरान 33 हजार केवी हाईटेंशन बिजली बरारी फिटर की चपेट में आने से आर्यन कुमार गंभीर रूप से झुलस गया. घटना शाम करीब चार बजे की बतायी जा रही है. कोलासी ढोडियाबाड़ी गांव से होकर गुजर रही 33 केवी बिजली की तार बरारी फिटर जमीन से कहीं मात्र 10 फीट तो कहीं 15 फीट की ऊंचाई पर लटकी हुई है. कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है. घायल आर्यन के पिता छोटू कुमार ने बताया कि घर के पास से गुजर रही बिजली की तार में एक पतंग फंसी हुई थी. तार काफी नीचे होने के कारण आर्यन उसे देखकर टीन से बने घर की छत पर चढ़ गया और सूखे बांस के सहारे पतंग उतारने का प्रयास करने लगा. अचानक हाईटेंशन लाइन में प्रवाहित तेज करंट ने आर्यन को अपनी चपेट में ले लिया. करंट इतना तेज था कि वह बिजली के झटके से बुरी तरह झुलस गया. घटना के समय गांव के ही एक युवक ने साहस दिखाते हुए सूखे बांस से आर्यन को धक्का मारकर किसी तरह करंट से अलग किया. हालांकि इस दौरान उसे भी बिजली के तेज झटके महसूस हुए. घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में आर्यन को कटिहार सदर अस्पताल पहुंचाया. उसका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार आर्यन फिलहाल खतरे से बाहर है लेकिन शरीर का कुछ हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि 33 केवी हाईटेंशन तार को जल्द ऊंचा किया जाय. गांव के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों की तत्काल जांच हो. भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए स्थायी समाधान निकाला जाय. ग्रामीणों ने कहा, यदि समय रहते बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो अगली बार यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता है. बरारी जेई शिव कुमार ने बताया कि यह बिजली का तार ओल्ड कोढ़ा केवी बिजली लाइन है. यह बिजली की लाइन गांव बसने से पूर्व लगाई गई थी. बाद में यह बस्ती बस गयी. घटना की जानकारी मिली है. कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >