– कैंप को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण कटिहार विकास भवन के सभागार में जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति परिवारों को सरकारी योजनाओं के लाभ से आच्छादित करने के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों के लिए विशेष विकास शिविर का एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी. विशेष विकास शिविर कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, डीडीसी अमित कुमार व जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोला में दिनांक 14-04-2025 से आयोजित की जाने वाली विशेष विकास शिविर का प्रशिक्षण दिया. डीएम ने बताया कि 19 अप्रैल 2025 से प्रखंडवार माइक्रो प्लान के तहत शिविर का आयोजन किया जायेगा. इसके तहत प्रखंड के आधे पंचायत में बुधवार एवं शेष आधे पंचायतों में शनिवार को शिविर आयोजित किया जायेगा. पचायत स्तर पर अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति टोलों में विशेष विकास शिविर का आयोजन पंचायत सचिव, विकास मित्र के द्वारा किया जायेगा. पंचायत स्तरीय सभी विभाग के कर्मी उपस्थित रहेंगे. शिविर से पूर्व सभी टोलों में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के परिवारों के सरकार के सभी 22 योजनाओं से आच्छादन के लिए ऑफ लाइन एवं ऑन लाईन आवेदन प्राप्त कर उसका नियमानुसार निष्पादन शिविर से पूर्व ही कर लिया जायेगा. छुटे हुए लाभुकों से शिविर में आवेदन प्राप्त किया जायेगा. उन आवेदन का यथा संभव ऑन स्पाट निष्पादन किया जायेगा. शिविर से पूर्व निष्पादित आवेदनों का आच्छादन संबंधी प्रमाण पत्र लाभुकों के बीच यथासंभव शिविर में वितरित किया जायेगा. इन योजनाओं से होंगे लाभान्वित डीएम ने बताया कि शिविर के माध्यम से राशन कार्ड, उज्जवला योजना, औपचारिक शिक्षा के लिए विद्यालय में दाखिला, योग्य लाभुकों को ऑगनबाड़ी से जोड़ना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से आच्छादन, आधार कार्ड निर्माण, कुशल युवा प्रोग्राम, कौशल विकास कार्यक्रम अन्तर्गत मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, ई श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, स्वास्थ्य कार्ड, आवास योजना से आच्छादन, वास-भूमि, वासगीत पर्चा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बुनियाद केन्द्र से संबंधित योजनाओं, हर घर नल-जल योजना का आच्छादन, बिजली कनेक्शन, जीविका समूह, सतत् जिविकोपार्जन योजना से आच्छादन, लोहिया स्वच्छता अभियान, सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय आदि योजनाओं का लाभ प्रदान किया जायेगा. प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष विकास शिविर के अनुश्रवण की सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी की होगी. जिला कल्याण पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी क्रमशः जिला एवं प्रखंड स्तर पर इस कार्यक्रम का समन्वय करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
