प्रभात इम्पैक्ट मखदमपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड-1 में हिजरा मिलिक पुल का किया शिलान्यास कोढ़ा मखदमपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-01 स्थित हिजरा मिलिक गांव के लोगों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है. गुरुवार को कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कविता पासवान ने पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. 6 करोड़ 16 लाख लागत आएगी. गांव में लंबे समय से चचरी पुल ही ग्रामीणों के जीवन का सहारा रहा. इसी पर छात्र-छात्राएं स्कूल जाते थे. बीमार लोग अस्पताल पहुंचते थे और लोग अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करते थे. लेकिन हर साल बारिश और बाढ़ के मौसम में यह पुल जर्जर हो जाता था. लोगों को भारी कठिनाई उठानी पड़ती थी. प्रभात खबर ने इस समस्या को लगातार प्रमुखता से उठाया. बाद मामला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा और अब इसका समाधान शुरू हुआ है. शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक कविता पासवान ने कहा कि इस पुल का निर्माण होने से हजारों ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या समाप्त होगी. उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर इस कार्य को प्राथमिकता दी गई है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. पूर्व मुखिया जगदेव रविदास, विधायक प्रतिनिधि रमन झा, मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह, पंचायत मुखिया किशुन देव रविदास, मनोज ठाकुर, अखिलेश मेहता, संतोष मेहता, कुणाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रभात खबर और विधायक कविता पासवान दोनों का आभार व्यक्त किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
